लॉस एंजिल्स: यूनिवर्सिटी के पास शॉपिंग सेंटर में गोलीबारी, दो युवकों की मौत, कई हिरासत में
अमेरिका के लॉस एंजिल्स में एक यूनिवर्सिटी कैंपस के पास स्थित शॉपिंग सेंटर में हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार देर रात की है…
अमेरिका के लॉस एंजिल्स में एक यूनिवर्सिटी कैंपस के पास स्थित शॉपिंग सेंटर में हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार देर रात की है, जिसके बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है।
यह गोलीबारी कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी, नॉर्थ्रिज से लगभग एक ब्लॉक दूर स्थित लोकप्रिय शॉपिंग सेंटर 'यूनिवर्सिटी प्लाजा' में शुक्रवार रात 11 बजे के बाद हुई। न्यूयॉर्क पोस्ट का हवाला देते हुए सिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने बताया कि पुलिस को शुरुआत में इलाके में भारी भीड़ जमा होने की सूचना मिली थी। जब अधिकारी मौके पर पहुँचे, तो उन्होंने गोलियों की आवाज सुनी।
जांच और पुलिस की कार्रवाई
गोलीबारी के बाद प्लाजा की एक इमारत के बाहर से कई लोगों को हिरासत में लिया गया। रिपोर्टों के अनुसार, इनमें से कई लोग घटना के समय पास के एक लाउंज में मौजूद थे। लॉस एंजिल्स पुलिस विभाग के लेफ्टिनेंट गाइ गोलन ने स्थानीय टीवी स्टेशन केटीएलए को बताया कि मृतकों में एक युवक और एक युवती शामिल हैं, जिनकी उम्र 18 से 25 साल के बीच होने का अनुमान है।
लेफ्टिनेंट गोलन के अनुसार, अधिकारी एक और संभावित पीड़ित की भी तलाश कर रहे हैं। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों की सघन जांच कर रही है।
सितंबर में मिनियापोलिस में भी हुई थी गोलीबारी
इससे पहले सितंबर में अमेरिका के मिनेसोटा राज्य के शहर मिनियापोलिस में भी गोलीबारी की एक बड़ी घटना हुई थी। स्थानीय टेलीविजन स्टेशन केएसटीपी की रिपोर्ट के अनुसार, 2 सितंबर को हुई उस घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि संदिग्ध ने आत्महत्या कर ली थी। उस गोलीबारी में तीन पुलिस अधिकारियों सहित छह अन्य लोग घायल भी हुए थे।
इनपुट: IANS



