ईरान पर सैन्य कार्रवाई की संभावना से ट्रंप का इनकार नहीं, बोले- 'युद्ध जल्द खत्म होगा'
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यावधि चुनावों से पहले ईरान पर सैन्य हमले की संभावना को खारिज नहीं किया है। उन्होंने दावा किया कि अगर ऐसा कोई संघर्ष होता है, तो वह बहुत जल्द समाप्त हो जाएगा और…
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यावधि चुनावों से पहले ईरान पर सैन्य हमले की संभावना को खारिज नहीं किया है। उन्होंने दावा किया कि अगर ऐसा कोई संघर्ष होता है, तो वह बहुत जल्द समाप्त हो जाएगा और इसके बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में भारी गिरावट आएगी।
समाचार एजेंसी IANS के हवाले से फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या चुनावों से पहले ईरान पर सैन्य हमला हो सकता है, तो उन्होंने सीधा जवाब देने से परहेज किया। ट्रंप ने कहा, "मैं इस बारे में कुछ नहीं कहना चाहता। मेरा मतलब है कि ऐसा संभव है, लेकिन मैं इस पर कुछ कहना नहीं चाहता।"
सैन्य और आर्थिक बढ़त का दावा
राष्ट्रपति ट्रंप ने जोर देकर कहा कि अमेरिका ईरान के खिलाफ दोनों मोर्चों पर बढ़त बनाए हुए है — सैन्य कार्रवाई और तेहरान को आर्थिक रूप से अलग-थलग करने का अभियान। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हम दोनों तरीकों से जीतेंगे। सैन्य नजरिए से तो हम पहले ही जीत चुके हैं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हमने वह कार्रवाई रोक दी है।"
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि उनके कदमों से ईरान की अर्थव्यवस्था और सैन्य ताकत को गहरा नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा, "हम निश्चित तौर पर बहुत बड़ी जीत हासिल कर रहे हैं। अगर आप उनकी अर्थव्यवस्था को देखें, तो वह खत्म हो चुकी है। उनके पास कोई अर्थव्यवस्था नहीं बची है।"
युद्ध खत्म होने पर तेल की कीमतें गिरेंगी: ट्रंप
ट्रंप ने बार-बार इस बात को दोहराया कि ईरान के साथ संघर्ष समाप्त होते ही तेल की कीमतें नाटकीय रूप से कम हो जाएंगी। पीजीए टूर प्रेसिडेंट्स कप के दौरान उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हम यह युद्ध बहुत जल्द जीतने वाले हैं और जैसे ही हम जीतेंगे, तेल की कीमतें बहुत नीचे चली जाएंगी, उस स्तर तक जहां वे युद्ध से पहले थीं।" इलिनोइस रवाना होने से पहले भी उन्होंने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से यही बात कही थी।
उन्होंने कहा, "सबसे अहम बात यह है कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होगा।" ट्रंप ने यह भी दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य से रिकॉर्ड मात्रा में तेल निकाला गया है।
बातचीत का रास्ता अब भी खुला
सैन्य कार्रवाई की संभावना जताने के बावजूद, ट्रंप ने इस सप्ताह ईरान के साथ और बातचीत की उम्मीद जताई। हालांकि, उन्होंने कहा कि तेहरान का हालिया प्रस्ताव अमेरिकी मांगों पर खरा नहीं उतरता। उधर, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने पुष्टि की है कि तेहरान बातचीत में शामिल है और अपने परमाणु कार्यक्रम पर कुछ सीमाओं पर चर्चा के लिए तैयार है।
इनपुट: IANS



