फ्लाईदुबई विमान हादसा टालने वाले भारतीय पायलट की UAE ने की सराहना, 'सच्चा हीरो' बताया
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के एक शीर्ष अधिकारी ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट स्मित मच्छार के साहस और पेशेवर रवैये की प्रशंसा की है, जिन्होंने एक 'खतरनाक आतंकवादी घटना' के दौरान विमान को सुरक्षित रखा…
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के एक शीर्ष अधिकारी ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट स्मित मच्छार के साहस और पेशेवर रवैये की प्रशंसा की है, जिन्होंने एक 'खतरनाक आतंकवादी घटना' के दौरान विमान को सुरक्षित रखा। UAE के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद के सलाहकार अनवर गर्गाश ने मच्छार को कठिन परिस्थितियों में सूझबूझ दिखाने के लिए 'सच्चा हीरो' करार दिया।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना बुधवार को फ्लाईदुबई की एक उड़ान में हुई थी। गर्गाश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट स्मित मच्छार हर तरह की सराहना के हकदार हैं। उन्होंने एक खतरनाक आतंकवादी कृत्य और संभावित आपदा के सामने साहस और जिम्मेदारी का सही अर्थ दिखाया। सबसे कठिन परिस्थितियों में उनका प्रोफेशनलिज्म और नैतिक बोध उन्हें एक सच्चा हीरो बनाते हैं।"
जांच के आदेश और कानूनी प्रक्रिया
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए UAE के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि सार्वजनिक अभियोजकों की एक विशेष टीम को घटना की जांच का जिम्मा सौंपा गया है। यह टीम घटना की परिस्थितियों और उसके कारणों का पता लगाएगी।
मंत्रालय ने एक बयान में स्पष्ट किया कि चूंकि विमान UAE में पंजीकृत है और उसके ध्वज के तहत उड़ान भरता है, इसलिए इस पर UAE का कानून लागू होगा, भले ही अपराध देश के क्षेत्र के बाहर हुआ हो। बयान में कहा गया, "जांच में घटना के सभी पहलुओं, इसके मकसद और क्या इसका आतंकवादी गतिविधि या इरादे से कोई संबंध था या कोई पूर्व योजना या दिशानिर्देश था, इसकी जांच की जाएगी।" UAE ने इस मामले में सहयोग के लिए सऊदी अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया।
9/11 जैसे हमले की आशंका
इस घटना की तुलना अमेरिका में हुए 11 सितंबर के हमलों से भी की जा रही है। इजरायली प्रधानमंत्री के प्रवक्ता डेविड मेंसर ने IANS को दिए एक विशेष इंटरव्यू में कहा कि यह 9/11 जैसा ही हो सकता था।
मेंसर ने बताया, "जब एक इजरायली यात्री और एक क्रू मेंबर कॉकपिट में घुसने में कामयाब हुए, तो उन्होंने पाया कि ओमानी पायलट, पायलट की सीट पर नहीं बैठा था। वह कंट्रोल्स के ऊपर खड़ा था और बहादुर भारतीय पायलट पर हमला करते हुए कंट्रोल्स में तोड़फोड़ करने और विमान के कंट्रोल सिस्टम को नष्ट करने की कोशिश कर रहा था। यह आदमी विमान को गिराना चाहता था।" उन्होंने आगे कहा, "आप 9/11 और इस हमले के बीच तुलना किए बिना नहीं रह सकते।"
इनपुट: IANS



