राजस्थान: सेल्फी लेते हुए तालाब में गिरा भाई, उसे बचाने कूदीं तीन बहनें भी डूबीं, चार की मौत
राजस्थान के धौलपुर जिले में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। अपने भाई को तालाब में डूबता देख उसे बचाने के लिए तीन बहनें पानी में कूद गईं…
राजस्थान के धौलपुर जिले में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। अपने भाई को तालाब में डूबता देख उसे बचाने के लिए तीन बहनें पानी में कूद गईं, लेकिन गहराई ज्यादा होने के कारण कोई भी बाहर नहीं निकल सका। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा उस वक्त हुआ जब 23 वर्षीय युवक तालाब के किनारे सेल्फी ले रहा था और उसका पैर फिसल गया। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
यह दुखद घटना धौलपुर के अंगई थाना क्षेत्र के धौंध बिरजा गांव में हुई। परिवार के सभी सदस्य पास के ही हीरामन बाबा मंदिर में पूजा करने आए थे। अधिकारियों ने बताया कि नथुआ पुरा निवासी 23 वर्षीय भोलू उर्फ रवि तालाब के पास अपने मोबाइल से सेल्फी ले रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से वह गहरे पानी में जा गिरा।
एक के बाद एक डूबे चारों
भोलू को पानी में संघर्ष करते देख उसकी बहनें मनोरमा और बोटो, अपनी चचेरी बहन निशा के साथ उसे बचाने के लिए फौरन तालाब में कूद गईं। हालांकि, तालाब गहरा था और पानी का स्तर भी ज्यादा था, जिसके चलते तीनों बहनें भी डूब गईं। जब परिवार के अन्य सदस्यों को इस बात का पता चला तो वहां कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) के जवानों की मदद से बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद चारों के शव तालाब से बरामद किए गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरमथुरा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।
इनपुट: IANS



