अरविंद केजरीवाल का मेटा पर आरोप: इंस्टाग्राम अकाउंट की रीच सीमित की, कंपनी ने कारण नहीं बताया
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया कंपनी मेटा पर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट की भारत में पहुंच सीमित करने का आरोप लगाया है। गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर…
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया कंपनी मेटा पर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट की भारत में पहुंच सीमित करने का आरोप लगाया है। गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि कंपनी की ओर से इस कार्रवाई का कोई कारण नहीं बताया जा रहा है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में सीधे मेटा को संबोधित करते हुए पूछा, "हाय मेटा, आपने मेरा अकाउंट क्यों रिस्ट्रिक्ट (सीमित) किया है? आपके भारत ऑफिस में पूछने पर पता चला कि मेरा अकाउंट भारत में रिस्ट्रिक्ट कर दिया गया है और यहां उपलब्ध नहीं है। क्यों?"
कारण बताने में विफलता और सेवा पर सवाल
केजरीवाल ने आगे कहा कि मेटा का कोई भी अधिकारी इसका कारण नहीं बता रहा है और न ही यह जानकारी दे रहा है कि इन प्रतिबंधों को कैसे हटाया जा सकता है। उन्होंने लिखा, "जितने भी ईमेल भेजे गए, उनका कोई जवाब नहीं मिला, बस एक प्राप्ति की सूचना मिला। यह बहुत खराब सर्विस है।" उन्होंने यह भी टिप्पणी की, "हमारे प्रधानमंत्री के सामने इतना भी मत झुकिए। वरना वे आपको भारत में सिर्फ उन्हीं का अकाउंट चलाने देंगे।"
मेटा की हालिया माफी
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब मेटा ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक फेसबुक पोस्ट पर कुछ समय के लिए लगी रोक के लिए माफी मांगी है। कंपनी के चीफ ग्लोबल अफेयर्स ऑफिसर, जोएल कपलान ने केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव तक सीधे यह माफी पहुंचाई। कपलान उस वैश्विक प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे जिसने बुधवार को वैष्णव और आईटी सचिव एस. कृष्णन से मुलाकात की थी।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने भी बाल यौन शोषण सामग्री (CSAM) और डीपफेक कंटेंट के प्रसार के साथ-साथ कंपनी के प्लेटफॉर्म के कामकाज में हुई कमियों के लिए माफी मांगी थी। भारत में मेटा के कंटेंट मॉडरेशन की प्रक्रिया इस समय कड़ी जांच के दायरे में है।
इनपुट: IANS



