केंद्र से अनुमति न मिलने पर तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी ने अपना अमेरिका दौरा रद्द किया
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने अपना प्रस्तावित अमेरिका दौरा रद्द कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह फैसला तब लिया गया जब केंद्र सरकार के विदेश मंत्रालय ने इस यात्रा के लिए…
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने अपना प्रस्तावित अमेरिका दौरा रद्द कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह फैसला तब लिया गया जब केंद्र सरकार के विदेश मंत्रालय ने इस यात्रा के लिए 'राजनीतिक दृष्टिकोण' से अनुमति देने से इनकार कर दिया। मुख्यमंत्री रेड्डी इस समय ब्रिटेन के दौरे पर हैं और अब वे वहीं से भारत लौट आएंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने शुक्रवार को जानकारी दी कि सीएम रेड्डी 10 दिवसीय यात्रा पर बुधवार देर रात लंदन के लिए रवाना हुए थे, जिसमें ब्रिटेन और अमेरिका दोनों शामिल थे। उनके आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल को 23 अगस्त को अमेरिका जाना था। सीएमओ ने बताया कि राज्य सरकार ने निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत दोनों देशों की यात्रा के लिए केंद्र से अनुमति मांगी थी, लेकिन केवल ब्रिटेन यात्रा को ही मंजूरी दी गई। अमेरिका दौरे को अस्वीकार किए जाने की सूचना प्रतिनिधिमंडल के ब्रिटेन पहुंचने के बाद दी गई।
यात्रा का उद्देश्य और सीएम की प्रतिक्रिया
केंद्र के इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि इस दौरे का एकमात्र मकसद दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों को भारत और तेलंगाना लाना था, जो केंद्र की नई शिक्षा नीति के अनुरूप है। उन्होंने कहा, "मैं हमेशा मानता रहा हूं कि जब देश के निर्माण और युवाओं के भविष्य की बात आती है तो हमें राजनीति और चुनावों से ऊपर सोचना चाहिए।"
अपने बयान में उन्होंने आगे कहा, "ये हमारे युवाओं की दुनिया के बेस्ट आइवी लीग और टॉप ग्लोबल संस्थानों से शिक्षा, कौशल और ट्रेनिंग पाने की उम्मीदों का जवाब होते।" केंद्र के फैसले का पालन करते हुए सीएम रेड्डी अब बोस्टन, अमेरिका जाने के बजाय लंदन से ही हैदराबाद लौटेंगे।
हैदराबाद को 'ग्लोबल नॉलेज हब' बनाने का संकल्प
दौरा रद्द होने के बावजूद सीएम रेड्डी ने हैदराबाद को एक वैश्विक ज्ञान केंद्र बनाने के अपने संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा, "हम हैदराबाद को दुनिया के सबसे महान शिक्षा और कौशल संस्थानों का घर बनाएंगे ताकि हमारी 21वीं सदी की यात्रा को ताकत मिले।" उन्होंने उस्मानिया विश्वविद्यालय, HCU, JNTU, IIT, ISB और NALSAR जैसे संस्थानों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि इन्होंने हैदराबाद को शीर्ष कंपनियों के लिए एक आकर्षक केंद्र बनाया है।
मुख्यमंत्री अपनी ब्रिटेन यात्रा के निर्धारित कार्यक्रमों को जारी रखेंगे। इसमें ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और लंदन बिजनेस स्कूल जैसे संस्थानों का दौरा शामिल है। वह ब्रिटेन के शीर्ष खेल संस्थानों और कौशल विकास से जुड़े नेतृत्व से भी मुलाकात करेंगे।
इनपुट: IANS



