तिरंगा मार्च में हिरासत में ली गईं आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा रिहा, CEC के इस्तीफे की मांग दोहराई
छात्र संगठन आइसा (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को दिल्ली पुलिस ने रिहा कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, उन्हें 16 अक्टूबर की शाम को मंडी हाउस के पास एक 'तिरंगा मार्च' के दौरान…
छात्र संगठन आइसा (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को दिल्ली पुलिस ने रिहा कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, उन्हें 16 अक्टूबर की शाम को मंडी हाउस के पास एक 'तिरंगा मार्च' के दौरान हिरासत में लिया गया था। दिल्ली पुलिस ने बताया कि 'दिल्ली पुलिस अधिनियम' की धारा 65 के तहत औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद उन्हें छोड़ा गया।
आरके पुरम पुलिस स्टेशन से रिहा होने के बाद नेहा बोरा ने मीडिया से बात की और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की अपनी मांग को फिर से दोहराया। उन्होंने यह भी मांग की कि सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके समेत अन्य सभी प्रदर्शनकारियों को तुरंत रिहा किया जाए।
हिरासत पर उठाए सवाल
नेहा बोरा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "भारत सरकार ने कानूनी और गैर-कानूनी होने की सारी हदें बहुत पहले ही पार कर दी हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोगों को बिना किसी वजह के हिरासत में लेकर घंटों तक बैठाए रखने की प्रवृत्ति लंबे समय से चली आ रही है।
उन्होंने कहा, "आम नागरिकों के मन में डर पैदा करने के लिए इनका इस्तेमाल कैसे किया जा रहा है, आज हमने खुद इसका एक उदाहरण देखा।" बोरा ने कहा कि मौजूदा आंदोलन में यह रोज़ हो रहा है, जहां प्रदर्शनकारियों को पकड़कर अगली सुबह या शाम को छोड़ दिया जाता है। उन्होंने इस तरह की कार्रवाई को 'गैर-कानूनी' बताया।
अन्य प्रदर्शनकारियों की रिहाई की मांग
अभिजीत दिपके को हिरासत में लिए जाने पर उन्होंने कहा, "अभिजीत को रिहा किया जाना चाहिए... उसे और उन सभी अन्य प्रदर्शनकारियों को रिहा किया जाना चाहिए जिन्हें गैर-कानूनी तरीके से हिरासत में रखा गया है।" उन्होंने कहा कि ये आम नागरिक हैं जो अपने वोट के अधिकार और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। बोरा ने आगे कहा कि प्रदर्शनों से व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है, इसलिए भाजपा को मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा ले लेना चाहिए ताकि व्यापारियों को और नुकसान न हो।
इनपुट: IANS



