तारापीठ अग्निकांड: 9 लोगों की मौत के बाद प्रशासन का बड़ा एक्शन, 15 होटल अनिश्चितकाल के लिए बंद
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ में बिदेशिनी होटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। इस हादसे में नौ लोगों की जान चली गई थी, जिसके बाद इलाके के होटलों में सुरक्षा…
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ में बिदेशिनी होटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। इस हादसे में नौ लोगों की जान चली गई थी, जिसके बाद इलाके के होटलों में सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, अब प्रतिष्ठित देवी तारा मंदिर के आसपास स्थित 15 होटलों को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का आदेश जारी कर दिया गया है।
यह कार्रवाई जिला प्रशासन द्वारा इलाके के कई होटलों और लॉजों में की गई औचक जांच के बाद हुई है। जांच में पाया गया कि इन 15 होटलों में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और न ही आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी के लिए कोई वैकल्पिक रास्ते थे। इसी लापरवाही के चलते इन्हें बंद करने का नोटिस जारी किया गया।
जांच और कानूनी कार्रवाई
लोगों ने आरोप लगाया था कि न केवल बिदेशिनी होटल, बल्कि हाल के वर्षों में बने ज्यादातर होटलों में आग से सुरक्षा के उचित उपाय नहीं हैं। इन शिकायतों के बाद ही प्रशासन हरकत में आया। एक जिला प्रशासनिक अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जिन होटलों ने सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, "इस पवित्र शहर में प्रतिदिन आने वाले हजारों तीर्थयात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"
इस मामले में पुलिस ने बिदेशिनी होटल के मुख्य मालिक प्रोबिट पॉल और उनके बेटे व सह-मालिक कल्याण पॉल को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। कल्याण पॉल की गिरफ्तारी सोमवार को हुई थी।
प्रशासन की आगे की योजना
रामपुरहाट के सब-डिविजनल ऑफिसर राठौड़ अश्विन बाबू सिंह ने बताया कि सोमवार को भी प्रशासन ने आठ अन्य होटलों को बंद करने का नोटिस जारी किया था। उन्होंने कहा, "आज हमने 15 और होटल अधिकारियों को नोटिस दिए हैं। आगामी त्योहारी मौसम को ध्यान में रखते हुए हम तारापीठ के प्रत्येक होटल के प्रबंधकों और कर्मचारियों के लिए सुरक्षा प्रशिक्षण की व्यवस्था करने जा रहे हैं।"
इनपुट: IANS



