आंध्र प्रदेश: छात्र ने प्रेमिका को चाकू से मारा, दूसरी घटना में CM ने मेडिकल छात्रों को कुचलने पर कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश
आंध्र प्रदेश में शुक्रवार को दो अलग-अलग आपराधिक घटनाओं ने राज्य को झकझोर कर रख दिया। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, पलनाडू जिले में एक इंजीनियरिंग छात्र ने अपनी प्रेमिका की चाकू मारकर…
आंध्र प्रदेश में शुक्रवार को दो अलग-अलग आपराधिक घटनाओं ने राज्य को झकझोर कर रख दिया। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, पलनाडू जिले में एक इंजीनियरिंग छात्र ने अपनी प्रेमिका की चाकू मारकर हत्या कर दी। वहीं, राजामहेंद्रवरम में नशे में धुत एक कार चालक द्वारा दो मेडिकल छात्रों को कुचलने की घटना पर मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है।
पलनाडू में प्रेम संबंध का दुखद अंत
पलनाडू जिले के करमपुडी मंडल स्थित चिंतापल्ली के पास एक इंजीनियरिंग छात्र बाला सैदुलु ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, दोनों गुंटूर के एक निजी कॉलेज में बी.टेक के छात्र थे और कुछ समय से रिश्ते में थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सैदुलु को शक था कि लड़की उसे नजरअंदाज कर रही थी।
आरोपी ने शुक्रवार सुबह लड़की को कुछ मुद्दों पर बात करने के लिए चिंतापल्ली बुलाया था। इसी दौरान दोनों के बीच बहस हुई और सैदुलु ने चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली। बाला सैदुलु करमपुडी मंडल का रहने वाला था, जबकि पीड़िता चिलाकलुरिपेट की निवासी थी। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
मेडिकल छात्रा की मौत पर मुख्यमंत्री सख्त
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राजामहेंद्रवरम में मेडिकल छात्रों को कार से कुचलने की घटना का गंभीरता से संज्ञान लिया है। यह घटना मंगलवार को पूर्वी गोदावरी जिले के एक मॉल के पास हुई थी, लेकिन इसका पता गुरुवार को चला। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि आरोपी ने शराब के नशे में स्कूटी सवार छात्रों को टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस हादसे में जीएसएल मेडिकल कॉलेज की पोस्टग्रेजुएट छात्रा डॉ. प्रियंका गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें बाद में डॉक्टरों ने 'ब्रेन-डेड' घोषित कर दिया। उनके साथ उमेश नाम का एक अन्य छात्र भी घायल हुआ। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा न जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सज़ा दिलाई जाए। उन्होंने अधिकारियों से छात्रा प्रियंका के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखने और घायलों को हरसंभव चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने को भी कहा है।
इनपुट: IANS



