कोरियाई असैन्य क्षेत्र (DMZ) में धमाका: दक्षिण कोरिया और संयुक्त राष्ट्र कमान ने शुरू की संयुक्त जांच
कोरियाई प्रायद्वीप को विभाजित करने वाले असैन्य क्षेत्र (DMZ) में पिछले सप्ताह हुए एक संदिग्ध बारूदी सुरंग विस्फोट की वजहों का पता लगाने के लिए दक्षिण कोरिया ने संयुक्त राष्ट्र कमान (UNC) के साथ मिलकर…
कोरियाई प्रायद्वीप को विभाजित करने वाले असैन्य क्षेत्र (DMZ) में पिछले सप्ताह हुए एक संदिग्ध बारूदी सुरंग विस्फोट की वजहों का पता लगाने के लिए दक्षिण कोरिया ने संयुक्त राष्ट्र कमान (UNC) के साथ मिलकर एक संयुक्त जांच शुरू कर दी है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में तीन दक्षिण कोरियाई सैनिक घायल हो गए थे, जिनमें से दो अधिकारियों को गंभीर चोटें आई हैं।
दक्षिण कोरिया के जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (JCS) ने बताया कि लगभग 40 कर्मियों की एक सर्वेक्षण टीम ने विस्फोट स्थल का दौरा किया। यह टीम माइन डिटेक्टरों का उपयोग करके उस इलाके का सर्वेक्षण कर रही है, जो दोनों कोरिया को अलग करने वाली सैन्य सीमांकन रेखा (MDL) के दक्षिण में स्थित है। यह जांच विस्फोट होने के छह दिन बाद शुरू की गई।
जांच का उद्देश्य और दायरा
इस मामले पर दक्षिण कोरिया के एक राष्ट्रपति अधिकारी ने गहन और निष्पक्ष जांच का वादा किया है। मेक्सिको सिटी में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, "एक निष्पक्ष, त्वरित और गहन जांच जारी है।" उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि क्या यह धमाका बारूदी सुरंगों से हुआ था, और अगर हाँ, तो वे किस प्रकार की थीं।
अधिकारी के अनुसार, जांच में इस बात का भी पता लगाया जाएगा कि क्या इन सुरंगों को उत्तर कोरिया ने बिछाया था। घटनास्थल से बारूदी सुरंग के टुकड़े एकत्र किए गए हैं, जिनका फोरेंसिक विश्लेषण किया जा रहा है ताकि यह निर्धारित किया जा सके कि वे दक्षिण कोरियाई मूल के हैं या उत्तर कोरियाई।
सुरक्षा चिंताएं और पारदर्शिता का वादा
अधिकारी ने यह भी बताया कि विस्फोट एक नए टोही मार्ग पर हुआ, जिस पर चलना खतरनाक है, इसलिए संयुक्त राष्ट्र कमान के साथ समन्वय में जांच सावधानीपूर्वक की जा रही है। उन्होंने किसी भी तरह की लीपापोती की संभावना से इनकार करते हुए कहा, "भले ही यह खतरनाक है, हम परिणाम घोषित करने के लिए तुरंत (जांच) करेंगे।"
इनपुट: IANS



