नेपाल: हिमलुंग बेस कैंप पर भीषण हिमस्खलन, कई अभियानकर्मी लापता
नेपाल के मनांग जिले में स्थित माउंट हिमलुंग के बेस कैंप में रविवार को एक भीषण हिमस्खलन की चपेट में आने से कई नेपाली एक्सपीडिशन गाइड और कर्मचारी लापता हो गए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के…
नेपाल के मनांग जिले में स्थित माउंट हिमलुंग के बेस कैंप में रविवार को एक भीषण हिमस्खलन की चपेट में आने से कई नेपाली एक्सपीडिशन गाइड और कर्मचारी लापता हो गए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, ये लोग आगामी पर्वतारोहण अभियान की तैयारी के लिए बेस कैंप में रस्सियाँ और टेंट लगाने का काम कर रहे थे।
लापता लोगों की सटीक संख्या को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन विभिन्न सूत्रों से अलग-अलग आँकड़े सामने आ रहे हैं। 'काठमांडू पोस्ट' ने ट्रेकिंग अधिकारियों के हवाले से करीब 14 नेपालियों के लापता होने की खबर दी है। वहीं, अभियान से जुड़ी एक आयोजक कंपनी के जनरल मैनेजर बरुन भंडारी ने बताया कि उनकी टीम के 20 से ज़्यादा कर्मचारी बेस कैंप पर थे, जिनमें से 6 से अधिक के लापता होने की सूचना है। उन्होंने कहा, "रविवार सुबह एक कर्मचारी से संक्षिप्त बात हुई थी, लेकिन उसके बाद से संपर्क टूट गया है।" एक अन्य कंपनी ने भी अपने कुछ कर्मचारियों के हिमस्खलन का शिकार होने की पुष्टि की है, लेकिन संख्या नहीं बताई है।
बचाव कार्य और आधिकारिक बयान
घटना की जानकारी मिलते ही बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। मनांग जिले के मुख्य जिला अधिकारी मुक्ति प्रसाद खनल ने कहा है कि जिस इलाके में हिमस्खलन हुआ है, वहाँ बचाव कार्य के लिए हेलीकॉप्टर भेजे गए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लापता लोगों की संख्या की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है।
मौसम की चेतावनी को किया गया था जारी
यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब स्थानीय प्रशासन ने खराब मौसम को लेकर पहले ही चेतावनी जारी की थी। भारी बारिश और बर्फबारी के पूर्वानुमान के चलते मनांग जिला प्रशासन कार्यालय ने 25 से 27 सितंबर तक ऊँचाई वाले कई इलाकों में ट्रेकिंग पर रोक लगा दी थी। जिला सुरक्षा समिति ने जान-माल के संभावित खतरे को देखते हुए यह फैसला लिया था। नेपाल के कई हिस्सों में 24 सितंबर से लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है, जिसके चलते अधिकारियों ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी थी।
इनपुट: IANS



