भारत-अमेरिका आर्थिक रिश्ते हो रहे मज़बूत, स्पेस-AI से लेकर व्यापार तक सहयोग के नए आयाम
भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक साझेदारी लगातार मज़बूत हो रही है। दोनों देश स्पेस टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और व्यापार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा रहे हैं। भारत में अमेरिकी…
भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक साझेदारी लगातार मज़बूत हो रही है। दोनों देश स्पेस टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और व्यापार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा रहे हैं। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोमवार को कई बैठकों के बाद इस साझेदारी की अहमियत पर ज़ोर दिया।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "अमेरिकी इनोवेशन पूरी दुनिया में एक बहुत महत्वपूर्ण ताकत है।" उन्होंने यह टिप्पणी अमेज़न के अधिकारियों से मुलाक़ात के बाद की, जिसमें भारत में कंपनी की मौजूदगी और अमेरिकी कारोबार के लिए बढ़ते अवसरों पर चर्चा हुई।
दक्षिण भारत में इनोवेशन पर ज़ोर
अमेरिकी राजदूत ने रविवार को बेंगलुरु का दौरा किया, जहाँ उन्होंने दक्षिण भारत में दोनों देशों की साझेदारी को इनोवेशन, निवेश और महत्वपूर्ण खनिजों की सप्लाई चेन के लिए अहम बताया। उन्होंने कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से भी मुलाक़ात की। इस बैठक के बाद गोर ने कहा, "पैक्स सिलिका और ट्रस्ट जैसी पहलों के जरिए हम अमेरिकी और भारतीय उद्योगों के लिए समान रूप से अवसर पैदा कर रहे हैं।"
इसके अलावा, बेंगलुरु दक्षिण से भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या के साथ अपनी चर्चा का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों ने इस बात पर विचार किया कि कैसे यह साझेदारी विकास और नए अवसरों को बढ़ावा दे सकती है।
व्यापार समझौते पर बातचीत जारी
राजदूत गोर ने यह भी जानकारी दी कि दोनों देश अपने व्यापारिक रिश्तों को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं और द्विपक्षीय व्यापार समझौते की बातचीत में काफ़ी प्रगति हुई है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल इस महीने के अंत में G20 व्यापार मंत्रियों की बैठक के लिए अमेरिका का दौरा करेंगे।
ऑटोमोटिव कंपोनेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ACMA) के 66वें सालाना सत्र में गोर ने कहा कि दोनों सरकारें एक ऐसे व्यापारिक संबंध के लिए काम कर रही हैं जो निष्पक्ष, आपसी और दोनों पक्षों के लिए फ़ायदेमंद हो।
इनपुट: IANS



