पश्चिम बंगाल: जैश-ए-मोहम्मद आतंकी मॉड्यूल मामले में एक और गिरफ्तारी, भाजपा विधायक को निशाना बनाने का आरोप
पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल के सिलसिले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार…
पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल के सिलसिले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार सुबह हावड़ा से आदित्य सिंह उर्फ राज नाम के शख्स को उसके घर से पकड़ा गया। यह इस मामले में तीसरी गिरफ्तारी है।
आदित्य की गिरफ्तारी पिछले हफ्ते पकड़े गए मुख्य संदिग्ध हामीम मंडल और उसकी सहयोगी अर्पिता सरकार से हुई पूछताछ के बाद हुई है। जांच अधिकारियों को मिली जानकारी के अनुसार, आदित्य ने हामीम मंडल को एक स्थानीय भाजपा विधायक के बारे में महत्वपूर्ण सूचनाएं दी थीं।
भाजपा विधायक थे निशाने पर
जांच में पता चला है कि पाकिस्तान स्थित आतंकवादी-आपराधिक समूह 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' (SBN) के इशारे पर हावड़ा-उत्तर से विधायक और राज्य मंत्री उमेश राय को निशाना बनाने की योजना थी। आरोप है कि आदित्य सिंह ने ही उमेश राय और उनके परिवार की जानकारी हामीम को दी थी, ताकि उन्हें हनी-ट्रैपिंग, ब्लैकमेलिंग या अपहरण कर फिरौती मांगने के लिए फंसाया जा सके। यह भी सामने आया है कि हाल के विधानसभा चुनावों के बाद उमेश राय को मिली धमकी भरी कॉल्स के पीछे भी आदित्य का ही हाथ था।
देर रात दबिश के बाद गिरफ्तारी
पुलिस सूत्रों ने बताया कि एसटीएफ की एक टीम रविवार देर रात आदित्य के घर पहुंची थी। रात भर चली लंबी पूछताछ के बाद सोमवार सुबह उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले, STF ने शुक्रवार को बर्दवान से हामीम मंडल और उसी रात झारखंड के साहिबगंज से अर्पिता सरकार को गिरफ्तार किया था। हामीम के पास से मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के दौरे से जुड़े कुछ अहम दस्तावेज़ भी बरामद हुए थे। फिलहाल, हामीम और अर्पिता 14 दिन की एसटीएफ हिरासत में हैं, जिनसे पूछताछ जारी है।
इनपुट: IANS



