रूस को एयरक्राफ्ट पार्ट्स की तस्करी: फ्लोरिडा में रूसी नागरिक सभी 12 आरोपों में दोषी करार
यूक्रेन पर हमले के बाद लगे अमेरिकी प्रतिबंधों को दरकिनार कर रूस को हवाई जहाज के पुर्जे भेजने के एक मामले में फ्लोरिडा की एक फेडरल जूरी ने 62 वर्षीय रूसी नागरिक को दोषी ठहराया है। समाचार एजेंसी IANS…
यूक्रेन पर हमले के बाद लगे अमेरिकी प्रतिबंधों को दरकिनार कर रूस को हवाई जहाज के पुर्जे भेजने के एक मामले में फ्लोरिडा की एक फेडरल जूरी ने 62 वर्षीय रूसी नागरिक को दोषी ठहराया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, अलेक्जेंडर मामोनोव पर रूस की सरकारी एयरलाइन 'एरोफ्लोट' के लिए 9 लाख डॉलर से अधिक कीमत के विमान पुर्जों की अवैध तस्करी का आरोप था।
अमेरिकी न्याय विभाग ने बताया कि मामोनोव, जो एरोफ्लोट का पूर्व कर्मचारी भी है, को मुकदमे के बाद सभी 12 आरोपों में दोषी पाया गया। अमेरिकी जिला जज कैथलीन विलियम्स इस मामले में 20 नवंबर को सजा का ऐलान करेंगी। न्याय विभाग ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि उसे अधिकतम कितनी सजा हो सकती है।
कैसे दिया गया तस्करी को अंजाम
अदालती दस्तावेजों के मुताबिक, मामोनोव ने इग्नात वाकोरिन नामक एक अन्य रूसी नागरिक के साथ मिलकर यह योजना बनाई थी, जो अभी भी फरार है। इन दोनों पर अप्रैल 2025 में एक साथ आरोप तय किए गए थे। अभियोजकों ने बताया कि फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद अमेरिका ने कड़े निर्यात प्रतिबंध लगाए थे, जिसके बाद यह तस्करी शुरू हुई।
आरोप है कि मामोनोव और वाकोरिन अमेरिकी सप्लायर्स से यह कहकर पुर्जे खरीदते थे कि इन्हें चीन या संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों में भेजा जाएगा। लेकिन असल में, इन पुर्जों को रूस स्थित एरोफ्लोट एयरलाइन को भेजा जा रहा था। इस तरह उन्होंने अमेरिकी प्रतिबंधों और वाणिज्य विभाग के उस आदेश का उल्लंघन किया, जिसमें एरोफ्लोट को अमेरिका निर्मित सामान प्राप्त करने से रोका गया था।
अधिकारियों ने दी कड़ी चेतावनी
एफबीआई के काउंटरइंटेलिजेंस विभाग के असिस्टेंट डायरेक्टर रोमन रोजाव्स्की ने कहा, "मामोनोव ने अमेरिकी सप्लायर्स से पार्ट्स की मंज़िल के बारे में झूठ बोलकर रूस को लगभग दस लाख डॉलर के एविएशन पार्ट्स गैर-कानूनी रूप से निर्यात किए।" उन्होंने इस फैसले को उन लोगों के लिए चेतावनी बताया जो अमेरिकी टेक्नोलॉजी की दुश्मनों तक तस्करी करने की सोचते हैं।
अमेरिकी अटॉर्नी जेसन रेडिंग क्विनोन्स ने भी स्पष्ट किया कि तीसरे देशों का सहारा लेकर अमेरिकी निर्यात कानूनों से नहीं बचा जा सकता। उन्होंने कहा, "रूस साउथ फ्लोरिडा के रास्ते अपनी खरीद करके अमेरिकी प्रतिबंधों और एक्सपोर्ट कंट्रोल से बच नहीं सकता। आप शिपिंग लेबल पर गलत डेस्टिनेशन (गंतव्य) डालकर अमेरिकी एक्सपोर्ट कानूनों को खत्म नहीं कर सकते।"
इनपुट: IANS



