सोमवार, 16 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

बच्चों के लिए नया खतरा बना AI: डीपफेक से यौन शोषण सामग्री में 8,400% की भयावह बढ़ोतरी

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दुरुपयोग बच्चों के लिए एक भयावह संकट बनता जा रहा है। एक ताजा अध्ययन में खुलासा हुआ है कि पिछले दो वर्षों में AI की मदद से तैयार की गई बाल यौन शोषण सामग्री में 8,400% से…

बच्चों के लिए नया खतरा बना AI: डीपफेक से यौन शोषण सामग्री में 8,400% की भयावह बढ़ोतरी
(फोटो: IANS)

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दुरुपयोग बच्चों के लिए एक भयावह संकट बनता जा रहा है। एक ताजा अध्ययन में खुलासा हुआ है कि पिछले दो वर्षों में AI की मदद से तैयार की गई बाल यौन शोषण सामग्री में 8,400% से अधिक की विस्फोटक वृद्धि हुई है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अपराधी अब बच्चों की सामान्य तस्वीरों को डीपफेक और 'न्यूडिफाई' जैसे ऐप का उपयोग कर अश्लील सामग्री में बदल रहे हैं और फिर उसका इस्तेमाल ब्लैकमेलिंग व यौन उत्पीड़न के लिए कर रहे हैं।

विज्ञापन

यह चौंकाने वाले तथ्य एडिनबर्ग स्थित 'चाइल्डलाइट-ग्लोबल चाइल्ड सेफ्टी इंस्टीट्यूट' के शोध में सामने आए हैं। अध्ययन के लिए शोधकर्ताओं ने अमेरिकी 'नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रेन' को टेक्नोलॉजी कंपनियों द्वारा भेजी गई रिपोर्टों का विश्लेषण किया। रिपोर्ट के अनुसार, AI से जुड़ी बाल यौन शोषण की शिकायतें जो 2023 में लगभग 4,700 थीं, वह 2025 में बढ़कर चार लाख से अधिक हो गईं।

डीपफेक बना ब्लैकमेल का हथियार

अपराधी AI आधारित ऐप्स का इस्तेमाल कर किसी भी बच्चे की मासूम तस्वीर को कृत्रिम रूप से अश्लील बना सकते हैं। भले ही यह तस्वीर असली न हो, लेकिन इसका इस्तेमाल बच्चे को डराने-धमकाने, पैसे ऐंठने या और अधिक आपत्तिजनक तस्वीरें मंगवाने के लिए किया जाता है। इस तरह डीपफेक तकनीक बच्चों के ऑनलाइन शोषण का एक नया और खतरनाक जरिया बन गई है।

द गार्जियन के अनुसार, चाइल्डलाइट की वैश्विक डेटा निदेशक प्रोफेसर डेबी फ्राई ने कहा, "ये आंकड़े बच्चों के यौन शोषण के तेजी से बदलते स्वरूप को दर्शाते हैं।" उन्होंने सरकारों और तकनीकी कंपनियों से इस खतरे को गंभीरता से समझने, बेहतर आंकड़े जुटाने और इसकी रोकथाम के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया है।

अन्य संस्थाओं ने भी जताई चिंता

इंटरनेट वॉच फाउंडेशन (IWF) ने भी AI से निर्मित बाल यौन शोषण सामग्री में तेज वृद्धि की पुष्टि की है। संगठन ने बताया कि 2026 की पहली छमाही में उसने ऐसी 6,310 तस्वीरों की जांच की, जो कानूनी रूप से बाल यौन शोषण के दायरे में आती हैं। यह संख्या पूरे 2025 में दर्ज 4,512 तस्वीरों से करीब 40% ज्यादा है। इसी तरह, यूनिसेफ ने फरवरी 2026 में चेतावनी दी थी कि 11 देशों में किए गए एक सर्वेक्षण में कम से कम 12 लाख बच्चों ने बताया कि पिछले एक साल में उनकी तस्वीरों को यौन रूप से आपत्तिजनक डीपफेक में बदला गया।

भारत में भी इस खतरे से निपटने के लिए कदम उठाए गए हैं। सरकार ने फरवरी 2026 में लागू आईटी नियमों में संशोधन कर डीपफेक और AI-जनित अवैध सामग्री को हटाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की जवाबदेही को और कड़ा कर दिया है। कुछ संवेदनशील मामलों में शिकायत मिलने पर ऐसी सामग्री को दो घंटे के भीतर हटाना अनिवार्य किया गया है।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →