गुजरात: पुलिसकर्मी ने शराब की दुकान खुलवाने के लिए मांगी रिश्वत, ACB ने रंगे हाथ पकड़ा
गुजरात के अमरेली जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिसकर्मी एक व्यक्ति पर अवैध देशी शराब की दुकान फिर…
गुजरात के अमरेली जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिसकर्मी एक व्यक्ति पर अवैध देशी शराब की दुकान फिर से शुरू करने के लिए कथित तौर पर दबाव बना रहा था और ऐसा न करने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रहा था।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी की पहचान सावरकुंडला ग्रामीण पुलिस स्टेशन में तैनात 39 वर्षीय एएसआई श्याम बगदा के रूप में हुई है। पीड़ित व्यक्ति ने जब पुलिसकर्मी को घूस देने से इनकार कर दिया, तो उसने एसीबी के टोल-फ्री नंबर 1064 पर संपर्क कर मदद मांगी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
रिश्वतखोरी का पूरा मामला
एसीबी के मुताबिक, शिकायतकर्ता पहले अवैध देसी शराब बेचने का काम करता था, लेकिन बाद में उसने यह काम बंद कर दिया था। आरोप है कि एएसआई श्याम बगदा उस पर दुकान दोबारा खोलने का दबाव बना रहा था। दुकान शुरू करने देने के बदले में पुलिसकर्मी ने शुरुआत में 19,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी, लेकिन बाद में सौदा 5,000 रुपये में तय हुआ।
ACB ने जाल बिछाकर पकड़ा
पीड़ित की शिकायत के आधार पर एसीबी ने जाल बिछाया। गुरुवार को अमरेली जिले के सावरकुंडला तालुका के ओलिय गांव की सीमा में एक खेत के पास एएसआई ने जैसे ही शिकायतकर्ता से 5,000 रुपये लिए, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। अधिकारियों ने रिश्वत की रकम बरामद कर ली है और आरोपी पर अपने सरकारी पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया गया है। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व अमरेली पुलिस थाने के इंस्पेक्टर टी.एस. रिजवी और उनकी टीम ने किया।
इनपुट: IANS



