बाराानगर में महिला की संदिग्ध मौत पर हंगामा, पति और सास गिरफ्तार, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बाराानगर इलाके में एक महिला की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। रविवार को महिला का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने हत्या का शक…
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बाराानगर इलाके में एक महिला की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। रविवार को महिला का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने हत्या का शक जताते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज भी किया और मृतका के पति व सास को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना बाराानगर के अशोकगढ़ इलाके की है। जैसे ही मानस दास की पत्नी रिया पाल का शव उनके घर में फांसी पर लटका मिलने की खबर फैली, उनके घर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। ससुराल पक्ष का दावा है कि रिया ने आत्महत्या की है, लेकिन स्थानीय लोग और पड़ोसी इस बात को मानने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने महिला के पति और ससुराल वालों पर आरोप लगाते हुए अपना गुस्सा जाहिर किया।
सड़क पर उतरे लोग, पुलिस वाहन रोका
आक्रोशित लोगों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे धीरे-धीरे हालात बेकाबू होने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस ने रिया के पति मानस दास और उनकी मां को गिरफ्तार कर लिया। जब पुलिस दोनों को थाने ले जा रही थी, तो प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ी को रोक दिया और आरोपियों को तुरंत सजा देने की मांग करने लगे। मौके पर स्थानीय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता भी मौजूद थे।
पुलिस ने शुरू की जांच
बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारी के अनुसार, मौत का असली कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। आरोपी पति मानस ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी से संपर्क नहीं कर पा रहा था और जब घर लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद था। उसने खिड़की से झांककर देखा तो पत्नी फंदे से लटकी हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने आकर दरवाजा तोड़ा। फिलहाल, बाराानगर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
इनपुट: IANS



