झुंझुनू पंचायत चुनाव: वोटिंग के दौरान खूनी संघर्ष, पूर्व सरपंच की पीट-पीटकर हत्या, 5 घायल
राजस्थान के झुंझुनू जिले में पंचायत चुनाव की वोटिंग के दौरान एक हिंसक झड़प ने राजनीतिक रंजिश का खूनी रूप ले लिया। जिले के खेतड़ी इलाके में दो गुटों के बीच हुए इस संघर्ष में एक पूर्व सरपंच की मौत हो…
राजस्थान के झुंझुनू जिले में पंचायत चुनाव की वोटिंग के दौरान एक हिंसक झड़प ने राजनीतिक रंजिश का खूनी रूप ले लिया। जिले के खेतड़ी इलाके में दो गुटों के बीच हुए इस संघर्ष में एक पूर्व सरपंच की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना विजयनगर गांव में एक पोलिंग बूथ के पास हुई, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, विजयनगर गांव के पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण की बहू सुमन सरपंच पद के लिए उम्मीदवार थीं। मतदान के दौरान ही उनका दूसरे पक्ष से विवाद हो गया। देखते ही देखते यह झगड़ा मारपीट में तब्दील हो गया और दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर लाठी, लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला कर दिया।
कैसे हुआ जानलेवा हमला?
इस मारपीट में पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण के सिर में गंभीर चोटें आईं, जो उनकी मौत का कारण बनीं। एक घायल बुगलाराम ने आरोप लगाया है कि जब वे लोग बैठे हुए थे, तभी दूसरे उम्मीदवार के पति जयपाल अपने साथियों के साथ आए और उन पर हमला बोल दिया। वहीं, मृतक के पोते हंसराज ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण चल रहा था, लेकिन विपक्षी लोगों ने अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें उनके दादा की जान चली गई।
आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव उठाने से इनकार
इस घटना के बाद परिवार में भारी आक्रोश है। परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव लेने से इनकार कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे अपना विरोध जारी रखेंगे। घटना की सूचना मिलते ही नीमकाथाना के डीएसपी सुशील मान और एसएचओ विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे। मृतक के शव को नीमकाथाना जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पूर्व मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और हिंसा की निंदा की।
प्रशासन ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
झुंझुनू के जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा, "पुलिस को जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।" उन्होंने पुष्टि की कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही लक्ष्मी नारायण की मौत हो चुकी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हाईअलर्ट पर है, हालांकि देर रात तक इस मामले में कोई आधिकारिक केस दर्ज नहीं किया गया था।
इनपुट: IANS



