PoK में प्रदर्शनकारियों पर आधी रात को फायरिंग, 40 लोगों की मौत की खबर
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में पिछले 50 दिनों से चल रहे विरोध प्रदर्शनों ने हिंसक रूप ले लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार देर रात सुरक्षा बलों द्वारा कथित तौर पर…
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में पिछले 50 दिनों से चल रहे विरोध प्रदर्शनों ने हिंसक रूप ले लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार देर रात सुरक्षा बलों द्वारा कथित तौर पर प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलाने के बाद हालात नियंत्रण से बाहर हो गए हैं। इस कार्रवाई में अब तक 40 लोगों के मारे जाने की खबर है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह घटना रावलकोट में हुई, जहां सुरक्षा बलों ने आधी रात को कार्रवाई शुरू की। खुफिया ब्यूरो के एक सूत्र ने बताया कि यह फायरिंग ऐसे समय में हुई जब प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, जो पिछले कई दिनों से विरोध स्थल पर मौजूद हैं।
प्रदर्शन की वजह और बढ़ता तनाव
ये प्रदर्शन अपने क्षेत्र के संसाधनों के दोहन और लगातार हो रही अनदेखी के खिलाफ हो रहे हैं। PoK में चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के बाद से विरोध प्रदर्शनों ने और गति पकड़ ली है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि चुनावों में कथित धांधली हुई है, जिसके चलते सत्ताधारी गठबंधन के भीतर भी मतभेद पैदा हो गए हैं। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) और पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (PPP) के बीच तनाव बढ़ने की खबरें हैं। PPP ने PML-N पर पाकिस्तानी सेना के साथ मिलकर चुनावों में धांधली करने का आरोप लगाया है।
गंभीर मानवीय संकट की आशंका
पाकिस्तान सरकार पर मांगों को अनसुना करने और भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात करने का आरोप है। एक आधिकारिक सूत्र ने नाम न बताने की शर्त पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा, "डर इस बात का है कि हताश पाकिस्तान इलाके के लोगों को खौफजदा करने के लिए महिलाओं और बच्चों को टारगेट पर लेना शुरू कर सकता है। वे प्रदर्शन को दबाने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं, और अगर ऐसा होता है तो इंसानी त्रासदी सोच से परे हो सकती है।" प्रदर्शनकारियों और विपक्ष का यह भी आरोप है कि फील्ड मार्शल असीम मुनीर अपने पसंदीदा राजनेताओं को सत्ता में लाना चाहते हैं ताकि PoK पर अपना नियंत्रण और मजबूत कर सकें।
इनपुट: IANS



