यूक्रेन के सूमी में भारतीय दवा कंपनी पर रूसी ड्रोन हमला, एक की मौत और कई घायल
यूक्रेन के सूमी शहर में स्थित एक भारतीय फार्मास्यूटिकल समूह 'कुसुम' के प्लांट पर हुए रूसी ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस…
यूक्रेन के सूमी शहर में स्थित एक भारतीय फार्मास्यूटिकल समूह 'कुसुम' के प्लांट पर हुए रूसी ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले में प्लांट की मुख्य इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है, और हमले के बाद वहां से धुएं का विशाल गुबार उठता देखा गया।
यूक्रेनी अधिकारियों ने हताहतों की संख्या में बदलाव की आशंका जताई है। यह हमला रूस द्वारा यूक्रेन पर किए जा रहे ड्रोन हमलों की श्रृंखला का हिस्सा है, जो पिछले चार दिनों से जारी हैं। इन हमलों में कई इमारतों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया है।
राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने की हमले की निंदा
यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर ज़ेलेंस्की ने इस हमले की कड़ी निंदा की और मारे गए व्यक्ति के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "आज सुबह रूसियों ने एक बार फिर कीव में पिवनिच्नी ब्रिज पर ड्रोन से हमला किया। उन्होंने सूमी में एक सामान्य फार्मास्युटिकल गोदाम को ड्रोन से निशाना बनाया। दुखद रूप से एक व्यक्ति की मौत हो गई।"
ज़ेलेंस्की ने यह भी बताया कि रूस ने रात भर में यूक्रेन के खिलाफ 135 हमलावर ड्रोन लॉन्च किए, जिनसे खार्किव, कीव, ड्निप्रो, डोनेट्स्क, सूमी और जापोरिज्जिया क्षेत्रों को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि अकेले इस सप्ताह रूस ने यूक्रेन पर 1,900 से अधिक ड्रोन, 1,700 हवाई बम और 25 मिसाइलों का इस्तेमाल किया है।
हमले का प्रभाव और पृष्ठभूमि
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय नागरिक राजीव गुप्ता के नेतृत्व वाले कुसुम समूह ने 1994 में यूक्रेन में वितरक के रूप में काम शुरू किया था। कंपनी ने 2009 में सूमी में अपना यह फार्मा प्लांट स्थापित किया था। यह समूह 50 से अधिक जेनेरिक दवाएं बनाता है और यूक्रेन के अलावा कई अन्य देशों में अपने उत्पाद बेचता है।
यह ड्रोन और मिसाइल हमला उस समय हुआ जब जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज कीव के औचक दौरे पर थे। उन्होंने यूक्रेन के प्रति एकजुटता दिखाते हुए 1.3 अरब यूरो के सहायता पैकेज की घोषणा की।
इनपुट: IANS



