भरतपुर में दीवार गिरने से 7 महिलाएँ दबीं, एक की मौत; मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुँचकर घायलों का हाल जाना
राजस्थान के भरतपुर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब एक घर की दीवार गिरने से बाजार जा रही सात महिलाएँ मलबे में दब गईं। इस घटना में एक 80 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गईं…
राजस्थान के भरतपुर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब एक घर की दीवार गिरने से बाजार जा रही सात महिलाएँ मलबे में दब गईं। इस घटना में एक 80 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गईं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आरबीएम अस्पताल पहुँचे और घायलों से मुलाकात कर उनके बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
यह घटना भरतपुर के सेवर कस्बे के सिकलीगर मोहल्ले में उस वक्त हुई, जब महिलाओं का एक समूह कहीं जा रहा था। अचानक एक मकान की छत पर बनी दीवार उन पर आ गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। बाद में प्रशासन की मदद से सभी महिलाओं को मलबे से निकालकर पहले सेवर और फिर आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बंदर के कूदने से गिरा दीवार: प्रशासन का अंदेशा
अस्पताल में डॉक्टरों ने 80 वर्षीय प्रेमवती (पत्नी रोशन) को मृत घोषित कर दिया। भरतपुर के कलेक्टर कमर चौधरी के अनुसार, शुरुआती जाँच में यह बात सामने आई है कि संभवतः छत पर किसी बंदर के कूदने की वजह से यह कमजोर दीवार गिरी। इस हादसे में घायल हुईं अन्य महिलाओं की पहचान मीरा (55), नंदिनी (18), सुनीता (45), वीरमती (50) और रामधकेली (60) के रूप में हुई है, जिनका इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री ने लिया स्थिति का जायजा
हादसे की खबर मिलने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सीधे अस्पताल पहुँचे। उन्होंने वहाँ भर्ती घायल महिलाओं और उनके परिजनों से मिलकर ढाँढस बँधाया। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और अस्पताल प्रबंधन व जिला अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज में किसी भी तरह की कोई कमी न रहे और हरसंभव मदद सुनिश्चित की जाए।
इनपुट: IANS



