शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

कोरियाई प्रायद्वीप में फिर बढ़ा तनाव, उत्तर कोरिया ने दागी 700 किमी दूर तक मार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइल

कोरियाई प्रायद्वीप में पहले से जारी तनाव के बीच उत्तर कोरिया ने शनिवार सुबह पूर्वी सागर की ओर एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण कोरियाई सेना ने इस प्रक्षेपण…

कोरियाई प्रायद्वीप में फिर बढ़ा तनाव, उत्तर कोरिया ने दागी 700 किमी दूर तक मार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइल
(फोटो: IANS)

कोरियाई प्रायद्वीप में पहले से जारी तनाव के बीच उत्तर कोरिया ने शनिवार सुबह पूर्वी सागर की ओर एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण कोरियाई सेना ने इस प्रक्षेपण की पुष्टि करते हुए बताया कि मिसाइल ने समुद्र में गिरने से पहले 700 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय की। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब हाल ही में सीमा पर हुए बारूदी सुरंग विस्फोट को लेकर दोनों देशों में तनातनी बढ़ी हुई है।

विज्ञापन

दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (जेसीएस) के मुताबिक, यह मिसाइल सुबह करीब 6:30 बजे वोनसान इलाके से लॉन्च की गई थी। दक्षिण कोरियाई सेना अमेरिका के साथ मिलकर इस प्रक्षेपण से जुड़ी विस्तृत जानकारियों और मिसाइल की सटीक क्षमता का विश्लेषण कर रही है। जेसीएस ने यह भी बताया कि दोनों देशों की खुफिया एजेंसियां शुरुआत से ही इस लॉन्च पर नजर बनाए हुए थीं और संबंधित जानकारी साझा की गई है।

संभावित मिसाइल और पिछली घटनाएं

हालांकि सेना ने आधिकारिक तौर पर मिसाइल के प्रकार का खुलासा नहीं किया है, लेकिन रिपोर्टों में इसे मध्यम-दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल (MRBM) या मध्यवर्ती-दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल (IRBM) होने की आशंका जताई जा रही है। एक सरकारी सूत्र के हवाले से कहा गया कि यह संभव है कि उत्तर कोरिया ने कम दूरी के लिए सेट करके IRBM का परीक्षण किया हो, जो 12 अगस्त को लॉन्च की गई मिसाइल जैसा प्रतीत होता है।

योनहाप समाचार एजेंसी के अनुसार, 12 अगस्त को भी उत्तर कोरिया ने वोनसान से ही पूर्वी सागर में एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी थी। उस प्रक्षेपण को दक्षिण कोरिया और अमेरिका के वार्षिक 'उल्ची फ्रीडम शील्ड' सैन्य अभ्यास के विरोध के तौर पर देखा गया था। उस समय भी अटकलें थीं कि उत्तर कोरिया ने कम दूरी पर MRBM या IRBM का परीक्षण किया है। सामान्यतः MRBM की रेंज 1,000-3,000 किमी और IRBM की रेंज 3,000-5,500 किमी होती है।

बढ़ते तनाव के बीच प्रक्षेपण

यह मिसाइल लॉन्च उस वक्त हुआ है जब 21 सितंबर को असैन्यीकृत क्षेत्र (DMZ) में हुए बारूदी सुरंग विस्फोट के कारण दोनों देशों के संबंध तनावपूर्ण हैं। उस घटना में दक्षिण कोरिया के तीन सैनिक घायल हो गए थे। सोल ने इसके लिए प्योंगयांग को जिम्मेदार ठहराया था और इसे युद्धविराम समझौते का 'खुला उल्लंघन' बताते हुए माफी की मांग की थी, जिसे उत्तर कोरिया ने खारिज कर दिया था।

दक्षिण कोरियाई सेना ने एक बयान में कहा, "हमारी सेना दक्षिण कोरिया-अमेरिका की मजबूत साझा रक्षा व्यवस्था के तहत उत्तर कोरिया की अलग-अलग गतिविधियों पर करीब से नजर रख रही है। किसी भी उकसावे का निर्णायक जवाब देने के लिए हमारी तैयारी और क्षमता बरकरार है।"

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →