सोमवार, 2 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
महाराष्ट्र

मुंबई: शादी की दावत बनी मुसीबत, दूल्हा-दुल्हन समेत 31 लोग अस्पताल में भर्ती

मुंबई के नाहुर वेस्ट इलाके में एक शादी का जश्न उस वक्त फीका पड़ गया जब दावत का खाना खाने के बाद दूल्हा-दुल्हन समेत 31 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। फूड पॉइजनिंग के इस मामले में सभी प्रभावित लोगों को…

मुंबई: शादी की दावत बनी मुसीबत, दूल्हा-दुल्हन समेत 31 लोग अस्पताल में भर्ती
(फोटो: IANS)

मुंबई के नाहुर वेस्ट इलाके में एक शादी का जश्न उस वक्त फीका पड़ गया जब दावत का खाना खाने के बाद दूल्हा-दुल्हन समेत 31 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। फूड पॉइजनिंग के इस मामले में सभी प्रभावित लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 1 नवंबर को नालंदा बुद्ध विहार हॉल में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान हुई।

विज्ञापन

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अभय सिंह देशमुख ने बताया कि समारोह में करीब 400 से 500 मेहमान शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि आखिरी दौर में भोजन करने वाले लगभग 70 से 100 मेहमानों ने तबीयत खराब होने की शिकायत की, जिसके बाद कई लोगों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया।

अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा इलाज

अधिकारियों के मुताबिक, प्रभावित लोगों में से 22 को मुलुंड के एमटी अग्रवाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा, चार छोटे बच्चों का इलाज मुलुंड के कामगार अस्पताल में और पांच अन्य लोगों का विक्रोली के एक अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल, सभी मरीजों की हालत स्थिर है और डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं। एमटी अग्रवाल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर कैलाश ने स्थिति की पुष्टि करते हुए कहा, "अभी तक हमारे यहां कुल 27 मरीज भर्ती किए गए हैं। इनमें 2 बच्चे, 11 महिलाएं हैं और बाकी पुरुष हैं। अभी सभी की स्थिति में सुधार है। इन सभी लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत पर भर्ती किया गया था।"

देर रात बिगड़ी तबीयत

दूल्हे के मामा ने बताया कि मेहमानों ने शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच खाना खाया था, लेकिन इसके लक्षण देर शाम घर लौटने के बाद दिखने शुरू हुए। उन्होंने कहा, "जब हम घर पहुंचे तो रात 11:00 से 11:30 बजे के बीच सभी को उल्टी होने लगी। सबसे पहले दुल्हन की तबीयत खराब हुई।" उन्होंने आशंका जताई कि फूड पॉइजनिंग का शिकार हुए लोगों की संख्या और बढ़ सकती है।

कार्रवाई की मांग

इस घटना के बाद पीड़ित परिवारों में गुस्सा है और वे इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अस्पताल में भर्ती एक व्यक्ति ने IANS को बताया, "शादी नालंदा बुद्ध विहार हॉल में हुई थी। आखिर में जब हम खाना खाने बैठे तो दूल्हा-दुल्हन समेत वहां मौजूद सभी लोग बीमार पड़ गए... इस मामले में कार्रवाई होनी चाहिए।" दूल्हे के मामा ने भी कैटरर्स और खाना सप्लाई करने वालों को जवाबदेह ठहराने की मांग की है। वहीं, दूल्हे के एक दोस्त ने कहा, "यह घटना कैटरर्स की लापरवाही और खाने की गुणवत्ता की जांच न करने की वजह से हुई है। परिवार इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।"

इनपुट: IANS

N

News4Social महाराष्ट्र डेस्क

News4Social महाराष्ट्र डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से महाराष्ट्र से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →