नेपाल में भोटेकोशी नदी की विनाशकारी बाढ़: 95 लोगों की मौत, 85 सुरक्षाकर्मियों समेत सैकड़ों लापता
चीन के तिब्बती क्षेत्र से शुरू हुई एक विनाशकारी बाढ़ ने नेपाल में भयंकर तबाही मचाई है, जिसमें बुधवार शाम तक कम से कम 95 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, प्रधानमंत्री…
चीन के तिब्बती क्षेत्र से शुरू हुई एक विनाशकारी बाढ़ ने नेपाल में भयंकर तबाही मचाई है, जिसमें बुधवार शाम तक कम से कम 95 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, प्रधानमंत्री कार्यालय ने जानकारी दी है कि भोटेकोशी नदी में आई इस अचानक बाढ़ से देश भर में जान-माल और बुनियादी ढांचे को भारी क्षति पहुँची है।
आपदा से सबसे ज़्यादा प्रभावित नेपाल-चीन सीमा से सटा रसुवा ज़िला हुआ है। प्रशासन द्वारा बरामद किए गए 95 शवों की पहचान की प्रक्रिया अभी जारी है। तबाही का मंज़र यहीं नहीं थमता, बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता हैं और उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
सैकड़ों लोग लापता, बचाव कार्य जारी
सरकार के मुताबिक, लापता लोगों में सुरक्षा बलों के 85 जवान भी शामिल हैं, जिनमें नेपाल सेना के 44, पुलिस के 28 और सशस्त्र पुलिस बल के 13 कर्मी हैं। इसके अलावा, विभिन्न देशों के 391 पर्यटक और 93 नेपाली नागरिक भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रभावित इलाके में चल रही विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं में काम करने वाले 60 कर्मचारी और रसुवागढ़ी कस्टम व इमिग्रेशन कार्यालय के कुछ कर्मचारी भी संपर्क से बाहर हैं।
बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान
बुधवार सुबह आई इस बाढ़ ने परिवहन व्यवस्था को बुरी तरह ध्वस्त कर दिया है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, 19 मोटर-पुल और लगभग 40 किलोमीटर पक्की सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। कई सरकारी दफ्तरों, सुरक्षा चौकियों और अन्य महत्वपूर्ण इमारतों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि बाढ़ की सूचना मिलते ही खोज, बचाव और राहत कार्यों के लिए सुरक्षा एजेंसियों को तत्काल सक्रिय कर दिया गया था। अधिकारियों द्वारा नुकसान का पूरा आकलन अभी किया जा रहा है।
इनपुट: IANS



