जम्मू-कश्मीर: कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़, इलाके की घेराबंदी
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। जम्मू-कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि पूरे इलाके को घेर…
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। जम्मू-कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि पूरे इलाके को घेर लिया गया है और ऑपरेशन जारी है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, "कुलगाम में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई है। पूरे इलाके को घेर लिया गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बल काम पर हैं। ज्यादा जानकारी बाद में दी जाएगी।" यह आतंकवाद-रोधी अभियान जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा संयुक्त रूप से चलाया जा रहा है।
पुंछ में भी हालिया गतिविधियां
इससे पहले सोमवार को भी जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सुरक्षा बल हरकत में आए थे। अधिकारियों के मुताबिक, जिले के सावजियां सेक्टर में तैनात सतर्क सैनिकों ने सुबह-सुबह संदिग्ध हलचल देखी, जिसके बाद उन्होंने गोलीबारी की।
यह हलचल कनारी इलाके में देखी गई थी, जिसके जवाब में सैनिकों ने छोटे हथियारों से लगभग दो दर्जन राउंड फायरिंग की। किसी भी संभावित घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने के लिए सुबह होते ही इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया था।
घुसपैठ का संवेदनशील रास्ता
सुरक्षा बल सावजियां सेक्टर को घुसपैठ के लिए एक कमजोर रास्ता मानते हैं, जिसके चलते यहां हमेशा हाई अलर्ट रहता है। इसी सेक्टर के सुथरबन इलाके में 13 अक्टूबर को सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की एक संयुक्त टीम ने एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया था। उस कार्रवाई में एक एके-47, एक मैगजीन, छह ग्रेनेड, 30 राउंड गोला-बारूद और खाने का सामान जब्त किया गया था।
इनपुट: IANS



