लद्दाख: कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का दावा— प्रशासन ने लेह में मुझे नज़रबंद कर दिया है
लद्दाख के जाने-माने कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने गुरुवार को दावा किया कि स्थानीय प्रशासन ने उन्हें लेह में उनके घर पर नज़रबंद कर दिया है। उन्होंने यह आरोप लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद (LAHDC) के…
लद्दाख के जाने-माने कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने गुरुवार को दावा किया कि स्थानीय प्रशासन ने उन्हें लेह में उनके घर पर नज़रबंद कर दिया है। उन्होंने यह आरोप लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद (LAHDC) के चुनावों को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच लगाया है। वांगचुक और अन्य स्थानीय नेता दिसंबर में प्रस्तावित इन चुनावों को ठंड के मौसम के कारण स्थगित करने की मांग कर रहे हैं।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर कहा कि उनके घर के चारों ओर दर्जनों हथियारबंद गार्ड तैनात हैं। उन्होंने प्रशासन के उन दावों को भी गलत बताया, जिनमें कहा गया था कि उन्हें सिर्फ घर के अंदर रहने की 'सलाह' दी गई थी। वांगचुक ने सवाल उठाया, "मैं हाउस अरेस्ट में हूं... यह सब अजीब सवाल पूछने के लिए है, जैसे कि ज्यूडिशियल इंक्वायरी कमीशन की रिपोर्ट (पिछले साल लेह में हुई हत्याओं की) में देरी क्यों हो रही है और सर्दियों के बीच में लोगों पर एक नकली काउंसिल इलेक्शन क्यों थोपा जा रहा है।"
चुनाव और विरोध का पूरा मामला
प्रशासन ने 8 एलएचडीसी सीटों के लिए चुनाव की अधिसूचना जारी की है, जिसके लिए मतदान 4 दिसंबर को होना है। हालांकि, सोनम वांगचुक और अन्य स्थानीय नेताओं ने सर्दियों में चुनाव कराने का कड़ा विरोध किया है। उनका तर्क है कि दिसंबर में अत्यधिक ठंड के कारण छात्र सहित एक बड़ी आबादी अस्थायी रूप से लद्दाख से बाहर चली जाती है, जिससे वे मतदान से वंचित रह सकते हैं।
अपने एक वीडियो संदेश में वांगचुक ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन जल्दबाजी में चुनाव कराकर पिछले साल लेह में हुई फायरिंग की जांच रिपोर्ट के मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि वे और उनके साथी इस रिपोर्ट को जारी करने की मांग कर रहे हैं।
'पुलिसवाले नहीं, गुंडों जैसे लग रहे थे'
नज़रबंदी की घटना का ज़िक्र करते हुए वांगचुक ने आरोप लगाया, "कल शाम हम इसके खिलाफ धरने की प्लानिंग कर रहे थे, तभी कुछ लोग, जो खुद को पुलिसवाला कह रहे थे, आए और हमसे कहा कि हमें बाहर नहीं निकलना चाहिए। उन्होंने मास्क और हुडी पहनी हुई थी और वे पुलिसवालों से ज्यादा गुंडों जैसे लग रहे थे।" उन्होंने बताया कि जब उन्होंने गिरफ्तारी देने की बात कही, तो उन्हें उनके संस्थान ले जाया गया, जहाँ उनका घर भी है, और वहीं रहने की हिदायत दी गई।
वांगचुक ने यह भी दावा किया कि उनके एक्स, इंस्टाग्राम और यूट्यूब अकाउंट की पहुंच को काफी कम कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि उनकी मांगें माने जाने तक शांतिपूर्ण धरने जारी रहेंगे।
इनपुट: IANS



