कर्नाटक: महिला पुलिसकर्मी से मारपीट मामले में BJP विधायक की बेटी को नहीं मिली जमानत, अदालत ने याचिका खारिज की
कर्नाटक के मांड्या जिले की एक अदालत ने एक महिला पुलिस सब-इंस्पेक्टर (PSI) के साथ कथित मारपीट के मामले में भाजपा विधायक सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या की जमानत याचिका खारिज कर दी है। समाचार एजेंसी IANS…
कर्नाटक के मांड्या जिले की एक अदालत ने एक महिला पुलिस सब-इंस्पेक्टर (PSI) के साथ कथित मारपीट के मामले में भाजपा विधायक सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या की जमानत याचिका खारिज कर दी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, गुरुवार को श्रीरंगपट्टनम टाउन कोर्ट ने सुनवाई के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस अधिकारी के साथ मारपीट की घटना पर गंभीर सवाल उठाए।
यह पूरा मामला 12 अगस्त को श्रीरंगपट्टनम तालुक के आरती उक्कड़ा स्थित श्री लक्ष्मी नरसिम्हास्वामी मंदिर का है। भीम अमावस्या के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच ऐश्वर्या पर आरोप है कि जब महिला पीएसआई सविता बी. ने उन्हें देवता के पास जाने से रोका तो उन्होंने अधिकारी को थप्पड़ मार दिया। यह घटना वीडियो में भी कैद हो गई थी, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी पर सवाल
घटना के बाद क्याताना हल्ली पुलिस स्टेशन में एफआईआर तो दर्ज कर ली गई, लेकिन अब तक ऐश्वर्या की गिरफ्तारी नहीं हुई है। गौरतलब है कि ऐश्वर्या मांड्या के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) गौतम की पत्नी भी हैं। अब जब अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी है, तो पुलिस के अगले कदम पर सबकी निगाहें टिक गई हैं।
क्या था पूरा घटनाक्रम?
शिकायत के मुताबिक, ऐश्वर्या वीआईपी लाइन से मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश करने की कोशिश कर रही थीं। सुरक्षा में तैनात पीएसआई सविता ने भीड़ का हवाला देते हुए उन्हें रोक दिया। इसी बीच, सादे कपड़ों में ड्यूटी पर मौजूद सर्कल इंस्पेक्टर लक्ष्मी गर्भगृह की ओर गईं। ऐश्वर्या ने इस पर सवाल उठाया तो पीएसआई ने समझाया कि वह अपनी आधिकारिक ड्यूटी के तहत अंदर जा रही हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसी बात पर बहस बढ़ गई और ऐश्वर्या ने कथित तौर पर पीएसआई सविता को थप्पड़ जड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
विधायक पिता ने मांगी माफी
इस बीच, ऐश्वर्या के पिता और तुमकुरु ग्रामीण से विधायक सुरेश गौड़ा ने अपनी बेटी के व्यवहार के लिए माफी मांगी है। उन्होंने कहा, "यह घटना गलत समय पर हुई है। मेरी बेटी ने जो किया, उसके लिए मैं माफी मांगता हूं।" उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने अपनी बेटी को सार्वजनिक जीवन में शांत रहने की सलाह दी थी और मंदिरों में वीआईपी दर्शन की व्यवस्था को खत्म करने की भी मांग की।
इनपुट: IANS



