जम्मू-कश्मीर: स्टाइपेंड बढ़ाने के लिए लिखित आदेश की मांग, मेडिकल इंटर्न भूख हड़ताल पर बैठे
जम्मू-कश्मीर में मेडिकल इंटर्न अपने मासिक स्टाइपेंड को मौजूदा 12,300 रुपये से बढ़ाकर 30,000 रुपये करने की मांग को लेकर अपना आंदोलन तेज कर रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इसी क्रम में श्रीनगर…
जम्मू-कश्मीर में मेडिकल इंटर्न अपने मासिक स्टाइपेंड को मौजूदा 12,300 रुपये से बढ़ाकर 30,000 रुपये करने की मांग को लेकर अपना आंदोलन तेज कर रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इसी क्रम में श्रीनगर के बेमिना स्थित शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसकेआईएमएस) मेडिकल कॉलेज के इंटर्न सोमवार को भूख हड़ताल पर बैठ गए।
एसकेआईएमएस मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस बैच 2021 के इन इंटर्नों का कहना है कि वे प्रशासन से सिर्फ़ मौखिक आश्वासन नहीं, बल्कि स्टाइपेंड में बढ़ोतरी का एक औपचारिक और लिखित आदेश चाहते हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों के मुताबिक, बार-बार बातचीत और भरोसे के बावजूद जब कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ, तो उन्हें हड़ताल का फैसला लेना पड़ा।
लिखित आदेश तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
इंटर्नों ने एक बयान में स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी करने वाला औपचारिक आदेश जारी नहीं हो जाता, तब तक वे अपना विरोध प्रदर्शन खत्म नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, "हमारा रुख साफ है; जब तक लिखित आदेश नहीं मिलेगा, तब तक विरोध प्रदर्शन खत्म नहीं होगा।" प्रदर्शनकारियों ने यह भी साफ किया कि भूख हड़ताल का मकसद बातचीत को खत्म करना नहीं, बल्कि समाधान की प्रक्रिया में तेजी लाना है।
इंटर्न अपनी मांग को न्याय और सम्मान से जुड़ा हुआ बता रहे हैं। उनका कहना है कि वे जो काम और जिम्मेदारियां निभाते हैं, उसके बदले उन्हें उचित मुआवजा मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2019 के बाद से उनके स्टाइपेंड में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि महंगाई कई गुना बढ़ चुकी है।
प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की अपील
प्रदर्शन कर रहे इंटर्नों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से इस मामले पर तत्काल ध्यान देने की अपील की है। उनका कहना है कि इस गतिरोध को केवल एक लिखित और आधिकारिक आदेश के जरिए ही दूर किया जा सकता है। इंटर्न्स का कहना है, "हम बातचीत चाहते हैं। हम न्याय चाहते हैं। हम लिखित आदेश चाहते हैं।" यह भूख हड़ताल जम्मू-कश्मीर में एमबीबीएस और बीडीएस इंटर्न के व्यापक आंदोलन का ही एक अगला चरण है।
इनपुट: IANS



