हमास हमले के तीन साल: इजरायली सेना ने जारी किए आंकड़े, मध्य पूर्व में 1 लाख ठिकाने बने निशाना
7 अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा किए गए हमले के तीन साल पूरे होने पर इजरायली सेना ने अपने अभियानों का विस्तृत ब्योरा जारी किया है। सेना के अनुसार, इस अवधि में पूरे मध्य पूर्व में लगभग एक लाख ठिकानों पर…
7 अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा किए गए हमले के तीन साल पूरे होने पर इजरायली सेना ने अपने अभियानों का विस्तृत ब्योरा जारी किया है। सेना के अनुसार, इस अवधि में पूरे मध्य पूर्व में लगभग एक लाख ठिकानों पर हमले किए गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन हमलों के अलावा सेना ने अपनी ऑपरेशनल ज़रूरतों को देखते हुए रिज़र्व बलों में भी 36 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी की है।
इजरायली सेना ने बुधवार को बताया कि अक्टूबर 2023 से अब तक जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया, उनमें से करीब 65,000 गाजा में, 28,000 लेबनान और सीरिया में, 4,500 ईरान में और 80 यमन में स्थित थे। हालांकि, सेना ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि एक ही स्थान पर कई बार हुए हमलों को अलग-अलग गिना गया है या नहीं।
सैन्य क्षमता और रिज़र्व सैनिक
बदलती ऑपरेशनल जरूरतों का हवाला देते हुए सेना ने बताया कि 2026 में रिज़र्व लड़ाकू यूनिट के जवान औसतन 80 से 100 दिन सेवा देंगे, जबकि पहले यह अवधि करीब 55 दिनों की थी। इसी के तहत, अगस्त 2024 में जारी एक आदेश के बाद लगभग 22,000 ऐसे रिज़र्व सैनिकों को वापस ड्यूटी पर बुलाया गया है, जिन्हें पहले सेवा-मुक्त कर दिया गया था।
वेस्ट बैंक और हथियारों की ज़ब्ती
कब्जे वाले वेस्ट बैंक में की गई कार्रवाइयों का ज़िक्र करते हुए सेना ने कहा कि पिछले तीन सालों में करीब 45,000 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। इनमें पत्थर फेंकने, हथियार रखने या हमलों की योजना बनाने के संदिग्ध शामिल थे। सेना के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक 3,800 से ज़्यादा हथियार भी ज़ब्त किए गए हैं।
दोनों पक्षों का नुक़सान
इजरायली सेना ने बताया कि इन अभियानों के दौरान उसके 970 सैनिकों की मौत हुई, जबकि घायल हुए 70 प्रतिशत से अधिक सैनिक ड्यूटी पर लौट चुके हैं। दूसरी ओर, सेना ने यह भी जानकारी दी कि गाजा से इजरायल की तरफ करीब 10,200, लेबनान से 20,000, ईरान से 1,200, सीरिया से 50 और यमन से 90 प्रोजेक्टाइल दागे गए। हालांकि, इन आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
गौरतलब है कि 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले में लगभग 1,200 लोग मारे गए थे, जिसके जवाब में इजरायल ने गाजा में बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया था। गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान में अब तक 74,200 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।
इनपुट: IANS



