शुक्रवार, 24 जुलाई 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

न्यूयॉर्क में चाकूबाजी: इजरायली विदेश मंत्री ने मेयर ममदानी पर लगाया भड़काने का आरोप

न्यूयॉर्क शहर में दो यहूदियों पर चाकू से हुए हमले के बाद इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने इसकी कड़ी निंदा की है। उन्होंने इन हमलों को 'भयानक यहूदी-विरोधी' करार देते हुए न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान…

न्यूयॉर्क में चाकूबाजी: इजरायली विदेश मंत्री ने मेयर ममदानी पर लगाया भड़काने का आरोप
(फोटो: IANS)

न्यूयॉर्क शहर में दो यहूदियों पर चाकू से हुए हमले के बाद इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने इसकी कड़ी निंदा की है। उन्होंने इन हमलों को 'भयानक यहूदी-विरोधी' करार देते हुए न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी पर ऐसा माहौल बनाने का आरोप लगाया, जिसमें यहूदियों को निशाना बनाया जा रहा हो। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सार ने सोशल मीडिया पर कहा कि महीनों से चल रहे उकसावे के कारण यह हिंसा हुई है।

विज्ञापन

गिरफ्तार किए गए संदिग्ध की पहचान 51 वर्षीय राउल मोरालेस के रूप में हुई है। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग (NYPD) के अनुसार, उसे मैनहट्टन में हुई दो अलग-अलग चाकूबाजी की घटनाओं के सिलसिले में पकड़ा गया है। पुलिस फिलहाल किसी और व्यक्ति की तलाश नहीं कर रही है।

इजरायली विदेश मंत्री की तीखी प्रतिक्रिया

इजरायली विदेश मंत्री गिदोन सार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मैं न्यूयॉर्क में हुए भयानक एंटीसेमिटिक (यहूदी विरोधी) चाकूबाजी हमले से हैरान हूं। व्याकुल हूं लेकिन दुख की बात है कि हैरान नहीं हूं।” उन्होंने आगे कहा, “यह हिंसा यूं ही नहीं हुई। ममदानी की तरफ से यहूदी देश के खिलाफ महीनों से चल रही भड़काने की कोशिशों ने ऐसा माहौल बनाने में मदद की है जिसमें यहूदियों को निशाना बनाया जा रहा है।”

अपने बयान में सार ने जोर देकर कहा कि “बातों के नतीजे होते हैं।” उन्होंने मेयर ममदानी से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा, “ममदानी को भड़काना बंद करना चाहिए, यहूदी-विरोधी भावना का डटकर सामना करना चाहिए और शहर के यहूदी समुदाय की रक्षा के लिए अभी कार्रवाई करनी चाहिए। बस बहुत हो गया।”

घटना और पुलिस की जांच

न्यूयॉर्क पुलिस कमिश्नर जेसिका एस. टिश ने पुष्टि की कि दो अलग-अलग हमलों में दो लोगों को चाकू मारा गया, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि पीड़ितों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर ने कथित तौर पर “अल्लाहु अकबर” के नारे लगाए थे। जांचकर्ता इस पहलू पर भी गौर कर रहे हैं कि क्या इन हमलों को घृणा अपराध (हेट क्राइम) माना जा सकता है।

NYPD ने यह भी साफ किया कि आरोपी का कोई मानसिक स्वास्थ्य संबंधी इतिहास विभाग के रिकॉर्ड में नहीं है, लेकिन शुरुआती जांच में इसके एक संभावित कारक होने के संकेत मिले हैं। आरोपी का पीड़ितों से कोई पुराना संबंध नहीं था।

न्यूयॉर्क के मेयर ने की निंदा

वहीं, न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने इन घटनाओं की निंदा करते हुए कहा कि उन्हें “इन भयावह चाकूबाजी की घटनाओं” के बारे में जानकारी दी गई है। उन्होंने इस बात पर राहत जताई कि दोनों पीड़ितों की हालत स्थिर है। ममदानी ने कहा, “इस तरह के नफरत से प्रेरित और घृणित हमलों के लिए हमारे शहर में कोई जगह नहीं है।” उन्होंने त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस विभाग का धन्यवाद किया और बताया कि इन घटनाओं की संभावित हेट क्राइम के एंगल से जांच की जा रही है।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →