ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में दूसरी अमेरिकी जासूसी पनडुब्बी ज़ब्त करने का किया दावा
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने सामरिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य में एक और अमेरिकी मानवरहित पनडुब्बी को अपने नियंत्रण में लेने का दावा किया है। रविवार को…
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने सामरिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य में एक और अमेरिकी मानवरहित पनडुब्बी को अपने नियंत्रण में लेने का दावा किया है। रविवार को जारी एक बयान में IRGC ने कहा कि यह पनडुब्बी जासूसी गतिविधियों में शामिल थी, जिसे एक जटिल अभियान के तहत ज़ब्त किया गया।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, IRGC के आधिकारिक समाचार मंच सेपाह न्यूज़ ने बताया कि यह कार्रवाई खुफिया जानकारी और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध तकनीक की मदद से की गई। ज़ब्त की गई मानवरहित पनडुब्बी (AUV) रेमस 600 मॉडल की है, जिसे डेटा निकालने और आगे की जांच के लिए विशेषज्ञों को सौंप दिया गया है।
लगातार दूसरी घटना और सख्त चेतावनी
यह इस महीने में इस तरह की दूसरी घटना है। इससे पहले भी IRGC ने होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रवेश द्वार पर एक अत्याधुनिक अमेरिकी मानवरहित पनडुब्बी को पकड़ने का दावा किया था, जिसकी पहचान "डाइव-एलडी" के रूप में की गई थी। IRGC की नौसेना ने स्पष्ट किया कि होर्मुज एक संवेदनशील समुद्री क्षेत्र है और वहां किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अनधिकृत आवाजाही के खिलाफ लगातार और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
तनाव के बीच ईरान का कड़ा रुख
ईरान ने 28 फरवरी को अपने क्षेत्र पर अमेरिका और इज़रायल के कथित संयुक्त हमलों के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण और कड़ा कर दिया था। इसके तहत इज़रायल और अमेरिका से जुड़े जहाजों की सुरक्षित आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी।
इसी बीच, ईरानी सेना के प्रमुख कमांडर अमीर हातमी ने रविवार को तेहरान में एक कार्यक्रम में कहा कि अमेरिका और इज़रायल द्वारा ईरान पर थोपा गया युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, "आक्रामक दुश्मन को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन उसे ईरानी सशस्त्र बलों की ओर से और भी करारे प्रहार झेलने के लिए तैयार रहना चाहिए।" हातमी ने क्षेत्र के देशों से भी आग्रह किया कि वे समझें कि अमेरिका के साथ सहयोग उनकी सुरक्षा की गारंटी नहीं है और क्षेत्रीय सुरक्षा की जिम्मेदारी उन्हें खुद उठानी चाहिए।
इनपुट: IANS



