ईरान के IRGC का बड़ा दावा: तीन देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमला किया
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने बुधवार को दावा किया है कि उसने तीन अलग-अलग देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले किए हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के…
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने बुधवार को दावा किया है कि उसने तीन अलग-अलग देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले किए हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, IRGC ने यह कार्रवाई ईरान के सिरिक क्षेत्र में एक शादी समारोह पर हुए कथित अमेरिकी हमले के जवाब में की है।
IRGC की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उसने कुवैत, जॉर्डन और इराक में अमेरिकी संपत्तियों को निशाना बनाया। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, जॉर्डन में अकाबा की खाड़ी के पास स्थित अमेरिकी मरीन बेस 'कैंप टिटियन' पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया गया। इस हमले में कई सैन्य सुविधाओं और हेलीकॉप्टरों के नष्ट होने के साथ-साथ अमेरिकी सेना को भारी नुकसान पहुँचाने का भी दावा किया गया है।
विभिन्न ठिकानों पर हमले का दावा
कुवैत में, IRGC ने 'अली अल-सलेम' एयर बेस पर अमेरिकी कमांडर के आवास और कमांड पोस्ट को सफलतापूर्वक निशाना बनाने की बात कही है। ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम समाचार एजेंसी ने IRGC के हवाले से कहा कि यह कार्रवाई साबित करती है कि उनके पास क्षेत्र में अमेरिकी गतिविधियों की व्यापक खुफिया जानकारी मौजूद है।
इसके अलावा, इराक के एरबिल में एक अमेरिकी सैन्य अड्डे पर मौजूद सर्विलांस बैलून की नियंत्रण प्रणाली को भी नष्ट करने का दावा किया गया है। IRNA के अनुसार, IRGC की जमीनी सेना ने एरबिल में एक रखरखाव केंद्र और तकनीकी उपकरणों के गोदामों को भी तबाह कर दिया, जिसमें कई अमेरिकी कर्मियों के मारे जाने और ईंधन भंडारों में आग लगने की बात कही गई है।
अमेरिकी हमले में 50 से ज़्यादा हताहत: ईरान
इस बीच, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने बुधवार को कहा कि सिरिक के कुहेस्तक इलाके में एक शादी समारोह के दौरान हुए अमेरिकी हमले में 50 से अधिक लोग मारे गए या घायल हुए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "50 से अधिक निर्दोष पुरुष, महिलाएं और बच्चे मारे गए या घायल हुए हैं।"
इनपुट: IANS



