रविवार, 2 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

अमेरिका को ईरान की कड़ी चेतावनी: 'किसी भी बड़ी कार्रवाई के गंभीर नतीजे होंगे'

ईरान ने अमेरिका को किसी भी बड़ी सैन्य कार्रवाई के खिलाफ़ सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह बात ईरान…

अमेरिका को ईरान की कड़ी चेतावनी: 'किसी भी बड़ी कार्रवाई के गंभीर नतीजे होंगे'
(फोटो: IANS)

ईरान ने अमेरिका को किसी भी बड़ी सैन्य कार्रवाई के खिलाफ़ सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह बात ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कई देशों के वरिष्ठ अधिकारियों से टेलीफोन पर हुई बातचीत में कही।

विज्ञापन

अराघची ने यह चेतावनी पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर, तुर्किए के विदेश मंत्री हकन फिदान और सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद के साथ अलग-अलग फोन कॉल्स के दौरान दी। इन वार्ताओं में उन्होंने क्षेत्र के ताजा घटनाक्रमों पर ईरान का पक्ष साझा किया।

राष्ट्रीय सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं

सिन्हुआ न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया गया है कि अराघची ने अपने पाकिस्तानी और तुर्किए समकक्षों से स्पष्ट कहा कि ईरान अपनी राष्ट्रीय संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी हमले का कड़ा जवाब दिया जाएगा।

इसी तरह, सऊदी विदेश मंत्री के साथ बातचीत में उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका या इज़रायल कोई भी शत्रुतापूर्ण कार्रवाई करते हैं, और इसमें कोई भी क्षेत्रीय देश सहयोग करता है, तो ईरान की सेना की तरफ से उन्हें कड़ा और उसी स्तर का जवाब मिलेगा।

ब्रिटेन को भी चेतावनी

इससे पहले, ईरानी विदेश मंत्री ने ब्रिटेन को भी अमेरिका के साथ किसी भी सैन्य सहयोग के खिलाफ आगाह किया था। शनिवार को ईरानी विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, अराघची ने शुक्रवार को ब्रिटिश विदेश मंत्री एड मिलिबैंड से फोन पर बात की और साफ किया कि हमलावरों के साथ किसी भी तरह का सहयोग, चाहे वह मौजूदा रक्षा समझौतों के बहाने ही क्यों न हो, स्वीकार्य नहीं होगा।

समझौते के उल्लंघन का आरोप

ईरान के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को अमेरिका पर जून के मध्य में हुए शांति समझौते का उल्लंघन करने का आरोप भी लगाया था। मंत्रालय के अनुसार, अमेरिका ने ईरानी ठिकानों पर लगातार हमले किए, बंदरगाहों और व्यावसायिक जहाजों की आवाजाही रोकी और आर्थिक दबाव भी बढ़ाया। एक बयान में, मंत्रालय ने कहा कि वह अमेरिका के 'गैर-कानूनी हमले' का विरोध करता रहेगा और अपने देश की गरिमा और स्वतंत्रता की मजबूती से रक्षा करेगा।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →