मंगलवार, 8 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
इकोनॉमी

नौकरी बाजार में रौनक: AI और मशीन लर्निंग ने दी व्हाइट-कॉलर जॉब्स को 14% की रफ्तार

भारत के संगठित क्षेत्र, यानी व्हाइट-कॉलर नौकरियों के बाजार में अगस्त के महीने में अच्छी-खासी तेजी देखने को मिली है। पिछले साल अगस्त की तुलना में इस साल भर्तियों में 14% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस उछाल…

नौकरी बाजार में रौनक: AI और मशीन लर्निंग ने दी व्हाइट-कॉलर जॉब्स को 14% की रफ्तार
(फोटो: IANS)

भारत के संगठित क्षेत्र, यानी व्हाइट-कॉलर नौकरियों के बाजार में अगस्त के महीने में अच्छी-खासी तेजी देखने को मिली है। पिछले साल अगस्त की तुलना में इस साल भर्तियों में 14% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस उछाल में सबसे बड़ी भूमिका आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) जैसी नई तकनीकों से जुड़ी नौकरियों की रही, जिनमें 31% का जबरदस्त इजाफा हुआ।

विज्ञापन

यह जानकारी नौकरी डॉट कॉम द्वारा जारी जॉबस्पीक इंडेक्स रिपोर्ट में सामने आई है। समाचार एजेंसी IANS के हवाले से मिली इस रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त में जॉबस्पीक इंडेक्स 3,028 पर पहुंच गया, जो पिछले साल इसी महीने में 2,664 था। इन्फो एज (इंडिया) लिमिटेड के एमडी और सीईओ हितेश ओबेरॉय ने कहा, "इस वृद्धि को त्योहारी कैलेंडर के संदर्भ में देखा जाना चाहिए। पिछले साल त्योहारी अवधि का बड़ा हिस्सा अगस्त में था, जबकि इस साल यह सितंबर में शिफ्ट हो गया है।"

किन सेक्टरों में रही सबसे ज्यादा मांग?

रिपोर्ट के मुताबिक, ऑटो सेक्टर ने 19% की मजबूत वृद्धि के साथ भर्ती में बढ़त हासिल की। इसके बाद हेल्थकेयर (16%) और रिटेल (15%) सेक्टर का स्थान रहा। अन्य प्रमुख क्षेत्रों की बात करें तो इंश्योरेंस में 12%, आईटी में 11%, जबकि बैंकिंग और एफएमसीजी में 10-10% की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि, कुछ सेक्टरों में नरमी भी रही; फार्मा और बायोटेक में भर्तियां स्थिर रहीं, हॉस्पिटैलिटी और ट्रैवल में 4% और शिक्षा क्षेत्र में 8% की गिरावट आई।

अनुभवी प्रोफेशनल्स की मांग बढ़ी

यह बढ़ोतरी सिर्फ फ्रेशर्स तक ही सीमित नहीं रही। फ्रेशर्स की भर्ती जहां 15% बढ़ी, वहीं अनुभवी पेशेवरों की मांग भी तेज रही। 8 से 12 साल के अनुभव वाले पेशेवरों की भर्ती में 16% और 13 से 16 साल के अनुभव वालों की भर्ती में 18% का उछाल देखा गया।

शहरों में कैसा रहा भर्तियों का हाल?

मेट्रो शहरों में हैदराबाद 23% की वृद्धि के साथ सबसे आगे रहा, जिसके बाद कोलकाता (22%) और चेन्नई (20%) का नंबर आया। बेंगलुरु और पुणे में 14-14% की वृद्धि देखी गई। वहीं, छोटे या उभरते शहरों में भुवनेश्वर ने 32% की प्रभावशाली वृद्धि के साथ सबको पीछे छोड़ दिया, जबकि रायपुर में 23% की तेजी दर्ज की गई।

आईटी सेक्टर में विशेष कौशल की मांग

आईटी/सॉफ्टवेयर सर्विसेज सेक्टर में कुल मिलाकर 11% की वार्षिक वृद्धि हुई। इस सेक्टर के भीतर, विशेष कौशल वाले पेशेवरों की मांग सबसे ज्यादा रही। आईटी और इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी से जुड़े पदों पर 32% की मांग बढ़ी, जो तकनीकी प्रतिभा की मजबूत जरूरत को दर्शाता है। ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) में भी भर्तियां 10% बढ़ीं, जिसमें हैदराबाद (28%) और चेन्नई (21%) ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया।

इनपुट: IANS

N

News4Social बिज़नेस डेस्क

News4Social बिज़नेस डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से कारोबार और अर्थव्यवस्था से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →