भारत-बांग्लादेश संबंधों को पटरी पर लाने की कोशिशें तेज़, उच्चायुक्त ने की PM मोदी और सेना प्रमुख से मुलाकात
बांग्लादेश के साथ द्विपक्षीय संबंधों में आई खटास के बाद अब इन्हें फिर से सामान्य बनाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने नई दिल्ली का दौरा…
बांग्लादेश के साथ द्विपक्षीय संबंधों में आई खटास के बाद अब इन्हें फिर से सामान्य बनाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने नई दिल्ली का दौरा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ से अहम मुलाकातें की हैं। समाचार एजेंसी IANS के सूत्रों के मुताबिक, यह बैठकें दोनों देशों के रिश्तों को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।
उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी सोमवार को अचानक नई दिल्ली पहुंचे और मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने भारतीय सेना के प्रमुख जनरल धीरज सेठ से भी भेंट की। यह मुलाकातें ऐसे समय में हुई हैं जब 2024 में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद दोनों देशों के संबंधों में तनाव देखा गया है।
रक्षा सहयोग पर हुई खास चर्चा
भारतीय सेना ने इस मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा की। सेना की पोस्ट में कहा गया, "बांग्लादेश में भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ से बातचीत की। इस बातचीत में भारत-बांग्लादेश के बीच आपसी सहयोग और रक्षा संबंधों को मजबूत करने के उपायों पर ध्यान केंद्रित किया गया।"
कूटनीतिक स्तर पर लगातार संवाद
इससे पहले 30 सितंबर को ढाका में भारतीय उच्चायुक्त त्रिवेदी ने बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम मामलों के मंत्री अहमद आजम खान से भी मुलाकात की थी। ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग के अनुसार, उस बैठक में दोनों पक्षों ने आपसी हितों के मुद्दों पर चर्चा करते हुए भारत और बांग्लादेश के बीच लंबे समय से चले आ रहे मजबूत द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग को दोहराया था।
वहीं, इस महीने की शुरुआत में भारत में बांग्लादेश के निवर्तमान उच्चायुक्त रियाज हामिदुल्लाह ने अपने कार्यकाल को लेकर कहा था कि उन्होंने आपसी विश्वास, गरिमा और साझा लाभ के आधार पर संबंधों को स्थिर करने का प्रयास किया। भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी उनके योगदान की सराहना की थी। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, त्रिवेदी ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान और पीएम मोदी के बीच भविष्य में होने वाली बैठक की तैयारियों पर भी बात की है।
इनपुट: IANS



