PoJK में प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई: भारत ने पाकिस्तान की निंदा की, अंतरराष्ट्रीय जांच की मांग
पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पाकिस्तानी बलों की हिंसक कार्रवाई को लेकर भारत ने कड़ी आपत्ति जताई है। भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इन घटनाओं की…
पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पाकिस्तानी बलों की हिंसक कार्रवाई को लेकर भारत ने कड़ी आपत्ति जताई है। भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इन घटनाओं की जांच करने और पाकिस्तान को इन अत्याचारों के लिए जवाबदेह ठहराने की अपील की है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को नई दिल्ली में एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान लगातार PoJK में शांतिपूर्ण नागरिकों पर कठोर कार्रवाई कर रहा है, जिसमें 40 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पाकिस्तानी मंत्रियों के विवादित बयान
भारत ने इस मुद्दे पर पाकिस्तानी मंत्रियों के बयानों का भी हवाला दिया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "PoJK के आम लोगों के प्रति प्रशासन की पूरी बेरुखी तब साफ दिखाई दी, जब पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने प्रदर्शन कर रहे नागरिकों को देश का दुश्मन बता दिया।" रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने प्रदर्शनकारियों की तुलना "भारत जैसे दुश्मन" से की थी।
इसके अलावा, जायसवाल ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के विशेष सहायक राणा सनाउल्लाह की हालिया टिप्पणी का भी उल्लेख किया। सनाउल्लाह ने कथित तौर पर स्वीकार किया था कि जिन 'मुजाहिदीन' को पाकिस्तान ने प्रशिक्षित किया, धन दिया और भारत भेजा, वही अब उसके लिए चुनौती बन गए हैं।
क्षेत्र में बिगड़ते हालात
PoJK में जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (जेएएसी) के नेतृत्व में हो रहे विरोध प्रदर्शनों और लॉन्ग मार्च के दौरान हिंसा की कई घटनाएँ सामने आई हैं। स्थानीय संगठनों के अनुसार, 5 जून से अब तक 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, सैकड़ों घायल हैं और कई लोगों को सुरक्षा बलों द्वारा कथित तौर पर गायब कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की कथित सख्ती और गोलीबारी की तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें कोटली जैसे इलाकों में महिला प्रदर्शनकारी भी भागती हुई नजर आ रही हैं।
अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप की मांग
रणधीर जायसवाल ने कहा कि हिंसा का सामना कर रहे PoJK के लोगों ने गैरकानूनी हत्याओं की स्वतंत्र जांच के लिए अंतरराष्ट्रीय संगठनों से मदद मांगी है। उन्होंने कहा, "हम अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आग्रह करते हैं कि वह पाकिस्तान की कार्रवाई की जांच करे और उसे उसके अत्याचारों के लिए जवाबदेह ठहराएं।" प्रवक्ता ने यह भी कहा कि क्षेत्र में हुए कथित चुनाव पाकिस्तानी प्रशासन के लिए एक "बड़ी शर्मनाक अस्वीकृति" साबित हुए हैं।
इनपुट: IANS



