मध्य-पूर्व तनाव: भारत ने ईरान से कहा- व्यापारिक जहाज़ों पर हमले किसी भी सूरत में मंज़ूर नहीं
मध्य-पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव पर भारत ने गहरी चिंता व्यक्त की है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने ईरानी समकक्ष से फ़ोन पर स्पष्ट कहा कि व्यापारिक जहाजों और उनके नाविकों पर किसी भी…
मध्य-पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव पर भारत ने गहरी चिंता व्यक्त की है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने ईरानी समकक्ष से फ़ोन पर स्पष्ट कहा कि व्यापारिक जहाजों और उनके नाविकों पर किसी भी तरह का हमला स्वीकार्य नहीं है, चाहे वह किसी भी पक्ष द्वारा किया गया हो। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, जयशंकर ने यह बात शुक्रवार को ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची के साथ टेलीफ़ोन पर हुई बातचीत में कही।
इस बातचीत की जानकारी देते हुए विदेश मंत्री जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "आज शाम ईरान के विदेश मंत्री अराघची से फोन पर बात हुई। मैंने क्षेत्र में जारी संघर्ष को लेकर हमारी गहरी चिंता व्यक्त की। हमने जोर देकर कहा कि किसी भी हाल में व्यापारिक जहाजों और समुद्री कर्मचारियों (सीफेयरर्स) पर हमले नहीं होने चाहिए।" उन्होंने आगे कहा कि भारत ऐसे किसी भी हमले की कड़ी निंदा करता है। जयशंकर के मुताबिक, इस दौरान उन्हें मौजूदा घटनाक्रम पर ईरान का पक्ष भी बताया गया और भारत ने हमेशा की तरह बातचीत और कूटनीति का समर्थन किया।
अमेरिका-ईरान के बीच सैन्य तनाव
यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव बढ़ गया है। बुधवार को अमेरिका ने ईरान के खिलाफ नए सैन्य हमले किए थे। अमेरिकी अधिकारियों ने इसे मध्य-पूर्व में अमेरिकी बलों पर ईरान द्वारा किए गए कथित हमले के प्रयास की जवाबी कार्रवाई बताया है। इससे पहले, ईरान ने जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं, जिसे अमेरिकी वायु रक्षा प्रणाली ने नाकाम कर दिया था। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले ही चेतावनी दी थी कि अगर हमला करने की कोशिश की गई तो ईरान पर 'बहुत सख्त' कार्रवाई की जाएगी।
अमेरिकी सेना की बढ़ी निगरानी
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने बताया है कि उसने मध्य-पूर्व में अपनी नौसैनिक मौजूदगी और निगरानी बढ़ा दी है। सेंटकॉम के अनुसार, 30 जुलाई तक अमेरिकी बलों ने 24 व्यावसायिक जहाजों का रास्ता बदला और दो जहाजों की जांच की। हालांकि, सेंटकॉम ने ईरान के भीतर किए गए अपने हालिया हमलों की जगह या उनके पैमाने के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी है। वहीं, ईरान के सरकारी मीडिया ने देश के दक्षिणी प्रांतों होर्मोजगान और खुजेस्तान में धमाकों की आवाज़ें सुने जाने की खबर दी है।
इनपुट: IANS



