बंगाल: 5वीं पुलिस मुठभेड़ के बाद मुख्यमंत्री की अपराधियों को चेतावनी, 'पुलिस पर गोली चली तो चुप नहीं बैठेंगे'
पश्चिम बंगाल में हाल के महीनों में हुई पांचवीं पुलिस मुठभेड़ के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने साफ कहा कि अगर कानून लागू करने वाली एजेंसियों पर हमला होता…
पश्चिम बंगाल में हाल के महीनों में हुई पांचवीं पुलिस मुठभेड़ के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने साफ कहा कि अगर कानून लागू करने वाली एजेंसियों पर हमला होता है, तो वे चुप नहीं बैठेंगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पुलिस को ऐसी मुठभेड़ की स्थिति में मौके पर ही निर्णय लेने की पूरी छूट दी गई है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी बीरभूम जिले में रविवार दोपहर हुई एक पुलिस मुठभेड़ के बाद आई। इस मुठभेड़ में रतन शेख नाम का एक आरोपी अपराधी मारा गया। शेख पर बलात्कार और हत्या समेत 35 आपराधिक मामले दर्ज थे।
बीरभूम मुठभेड़ की पूरी घटना
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रतन शेख नानूर जिले के चारकोल गांव में एक ईंट भट्ठे में छिपा हुआ था। जब पुलिसकर्मी उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़े तो उसने उन पर गोली चला दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई आत्मरक्षा में की, जिसमें शेख घायल हो गया। उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह मुठभेड़ 13 नवंबर की एक घटना से जुड़ी है। तब बोलपुर शांतिनिकेतन थाना क्षेत्र के लाइक बाजार इलाके में पुलिस शेख को गिरफ्तार करने गई थी। उस दौरान भी शेख ने पुलिस पर गोली चलाई थी और भागने में सफल रहा था। उस हमले में कांस्टेबल बिस्वजीत दास गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री अधिकारी ने अस्पताल जाकर घायल कांस्टेबल से मुलाकात भी की थी।
कौन था रतन शेख?
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, नानूर के सांता गांव का रहने वाला शेख इलाके का एक कुख्यात अपराधी था। उसके खिलाफ अवैध हथियार रखने से लेकर नशीले पदार्थों की तस्करी तक के 35 आपराधिक मामले दर्ज थे। उसे पहले भी गिरफ्तार किया गया था, लेकिन वह जमानत पर बाहर आ गया था, जिसके बाद पुलिस उसे फिर से पकड़ने की कोशिश कर रही थी। इस साल जुलाई से अब तक राज्य में यह पांचवीं ऐसी मुठभेड़ है, जिसमें किसी अपराधी की मौत हुई है।
मुख्यमंत्री ने अपने प्रशासन के सख्त रुख को दोहराते हुए कहा, “बंगाल में बलात्कारियों और हत्यारों के लिए कोई जगह नहीं है। अगर आप पुलिस पर गोली चलाएंगे, तो वे जो चाहें करेंगे। गुंडे बांग्लादेश भाग जाओ। अगर आप यहां रहे, तो मैं जो चाहूं करूंगा।”
इनपुट: IANS



