पश्चिम बंगाल: पुराना केस वापस लेने से इनकार पर TMC नेता पर लगा दुष्कर्म का आरोप, जांच शुरू
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय नेता पर एक महिला ने दुष्कर्म और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपी नेता उस पर 2017 में दर्ज एक पुराना मामला वापस…
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय नेता पर एक महिला ने दुष्कर्म और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपी नेता उस पर 2017 में दर्ज एक पुराना मामला वापस लेने का दबाव बना रहा था और जब उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया, तो उसके साथ दुष्कर्म किया गया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, रविवार को कृष्णानगर पुलिस स्टेशन में स्थानीय तृणमूल नेता बुद्धदेव कानू और उसके भतीजे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।
पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि 2017 में कानू ने कृष्णानगर पालिका में नौकरी दिलाने का वादा करके उससे सात लाख रुपये लिए थे और उसका यौन उत्पीड़न भी किया था। इस मामले में शिकायत दर्ज कराने के बाद से ही उसे लगातार धमकियां मिल रही थीं, लेकिन मामला अभी भी लंबित है।
पुराना केस वापस लेने का दबाव और हमला
महिला के आरोपों के मुताबिक, हाल ही में बुद्धदेव कानू उस पर पुराना केस वापस लेने के लिए भारी दबाव बना रहा था। डर के कारण महिला ने अपना घर तक बदल लिया, लेकिन कानू ने उसका नया पता ढूंढ निकाला। आरोप है कि वह उसके नए घर में घुस आया और उसके साथ फिर से दुष्कर्म किया। पीड़िता ने यह भी कहा है कि उसे लोहे की रॉड से पीटा गया और मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी का भतीजा, जो एक सिविक वॉलंटियर है, उसने भी महिला को जान से मारने की धमकी दी थी। महिला ने दावा किया है कि हाल ही में उसकी जान लेने की कोशिश भी की गई थी। आरोपी बुद्धदेव कानू कृष्णानगर में तृणमूल कांग्रेस का पूर्व सचिव रह चुका है।
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायतकर्ता महिला ने आरोपियों के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग की है। कृष्णानगर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा, "हमने महिला की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। जांच चल रही है।" हालांकि, इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इनपुट: IANS



