रविवार, 15 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

भूमध्य सागर में बड़ी कार्रवाई: यूरोपीय संघ ने पकड़ा रूसी 'शैडो फ्लीट' का तेल टैंकर

यूरोपीय संघ (ईयू) ने भूमध्य सागर में रूस के 'शैडो फ्लीट' के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। शुक्रवार को यूरोपीय बलों ने एक रूसी तेल टैंकर पर छापेमारी की और पाया कि वह फर्जी झंडे का इस्तेमाल कर…

भूमध्य सागर में बड़ी कार्रवाई: यूरोपीय संघ ने पकड़ा रूसी 'शैडो फ्लीट' का तेल टैंकर
(फोटो: IANS)

यूरोपीय संघ (ईयू) ने भूमध्य सागर में रूस के 'शैडो फ्लीट' के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। शुक्रवार को यूरोपीय बलों ने एक रूसी तेल टैंकर पर छापेमारी की और पाया कि वह फर्जी झंडे का इस्तेमाल कर रहा था। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह कार्रवाई संयुक्त राष्ट्र समुद्री कानून (यूएनसीएलओएस) के अनुच्छेद 110 के तहत की गई।

विज्ञापन

ईयू की विदेश नीति प्रमुख काजा कल्लास ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस ऑपरेशन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 13 नवंबर को 'ऑपरेशन इयूनावफोर मेड इरिनी' के तहत यूरोपीय बलों ने 'एमवी मिडाग' नामक जहाज की जांच की। इस जहाज पर रूस के 'शैडो फ्लीट' से जुड़े होने का संदेह था, और जांच में इसकी पुष्टि हो गई कि यह अवैध रूप से फर्जी झंडे के तहत चल रहा था।

रूस पर और कड़े प्रतिबंधों की तैयारी

काजा कल्लास ने स्पष्ट किया कि यूरोपीय संघ रूस के इस 'शैडो फ्लीट' के खिलाफ समुद्र में और कूटनीतिक स्तर पर अपनी कार्रवाई जारी रखेगा। उन्होंने यह भी बताया कि सोमवार को ईयू के विदेश मंत्री रूस पर नए प्रतिबंधों को मंजूरी देने वाले हैं। इन नए प्रतिबंधों के दायरे में वे बैंक, खरीदार और कंपनियां भी आएंगी जो इस 'शैडो फ्लीट' का समर्थन कर रही हैं।

पहले भी लगे हैं कड़े प्रतिबंध

यह पहली बार नहीं है जब ईयू ने रूस के खिलाफ कड़े कदम उठाए हैं। एक माह पहले भी रूसी आक्रामकता को नियंत्रित करने के उद्देश्य से उस पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए थे। काजा कल्लास के मुताबिक, उस दौरान ईयू के विदेश मंत्रियों ने रूस के खिलाफ लगभग 1,600 नए प्रतिबंधों को मंजूरी दी थी। कल्लास ने 'एक्स' पर लिखा, "यूरोपीय संघ (ईयू) के विदेश मंत्रियों ने रूस के सैन्य-औद्योगिक ढांचे को निशाना बनाते हुए लगभग 1,600 नए प्रतिबंधों को मंजूरी दी है। रूस की ओर से युद्ध शुरू किए जाने के बाद से यह प्रतिबंध सूची का अब तक का सबसे बड़ा विस्तार माना जा रहा है। यूरोप ने एक बार फिर दिखाया है कि वह इस मुद्दे पर एकजुट होकर खड़ा है।"

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →