अंडमान-निकोबार में उपराष्ट्रपति ने फहराया तिरंगा, 'हर घर तिरंगा' अभियान की शुरुआत
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 'हर घर तिरंगा' अभियान का शुभारंभ किया है। रविवार को श्री विजय पुरम के ऐतिहासिक फ्लैग पॉइंट पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर उन्होंने इस अभियान…
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 'हर घर तिरंगा' अभियान का शुभारंभ किया है। रविवार को श्री विजय पुरम के ऐतिहासिक फ्लैग पॉइंट पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर उन्होंने इस अभियान की शुरुआत की। यह वही स्थान है जहां 30 दिसंबर 1943 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने तिरंगा फहराकर द्वीपों को ब्रिटिश शासन से मुक्त घोषित किया था।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस क्षण को साझा करते हुए लिखा, "आज 'हर घर तिरंगा अभियान' के तहत श्री विजय पुरम के फ्लैग पॉइंट पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।" यह आयोजन 9 अगस्त को हुआ, जिसे 'भारत छोड़ो दिवस' या 'अगस्त क्रांति दिवस' के रूप में भी मनाया जाता है।
भारत छोड़ो आंदोलन को किया याद
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के स्वतंत्रता सेनानियों को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "भारत छोड़ो आंदोलन दिवस पर, मैं उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने महात्मा गांधी के 'करो या मरो' के आह्वान से प्रेरित होकर आजादी की लड़ाई में देश को एकजुट किया। उनका साहस, बलिदान और देशभक्ति पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।"
उपराष्ट्रपति के अन्य कार्यक्रम
अपने दो दिवसीय अंडमान-निकोबार दौरे के तहत, उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने कई अन्य कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया। शनिवार को उन्होंने श्री विजय पुरम में सेलुलर जेल राष्ट्रीय स्मारक का दौरा किया, शहीद स्तंभ पर श्रद्धांजलि अर्पित की और वीर सावरकर की कोठरी देखी। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित लाइट एंड साउंड शो में भी भाग लिया। जारी बयान के मुताबिक, रविवार को वे 'वंदे मातरम पर तिरंगा कॉन्सर्ट' में भी शामिल होंगे और ऐतिहासिक नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप का दौरा भी करेंगे।
इनपुट: IANS



