गुवाहाटी: पत्नी की हत्या के आरोपी पति ने जुर्म कबूला, कहा- कोई पछतावा नहीं
गुवाहाटी में एक पति द्वारा अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या करने का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आरोपी रामानुज गोस्वामी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और पुलिस को बताया है कि उसे इस कृत्य का…
गुवाहाटी में एक पति द्वारा अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या करने का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आरोपी रामानुज गोस्वामी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और पुलिस को बताया है कि उसे इस कृत्य का कोई पछतावा नहीं है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी को अपनी पत्नी के विवाहेतर संबंध (extra-marital affair) का शक था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।
यह भयानक घटना तब सामने आई जब गुवाहाटी के बसिष्ठपुर इलाके के पड़ोसियों ने पुलिस को सूचित किया कि वे पीड़ित रिया और उसके परिवार से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। सूचना मिलने पर जब हाटीगांव पुलिस स्टेशन की एक टीम घर पर पहुँची, तो उन्होंने रिया को मृत पाया। उसका सिर धड़ से अलग था।
सबूतों की जांच और आरोपी का आत्मसमर्पण
पुलिस और फोरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का मुआयना किया और कई अहम सबूत इकट्ठे किए। पुलिस के अनुसार, रिया का कटा हुआ सिर एक काले पॉलीथीन बैग में लिपटा हुआ रेफ्रिजरेटर के अंदर से बरामद हुआ। उसकी कुछ उंगलियाँ भी कटी हुई थीं। घर में खून के धब्बे थे और सामान बिखरा हुआ था। हत्या में इस्तेमाल किया गया एक धारदार हथियार 'दाओ' भी मौके से मिला। प्रारंभिक फोरेंसिक जांच से संकेत मिलता है कि हत्या शव मिलने से 24 से 48 घंटे पहले की गई थी। बाद में आरोपी रामानुज गोस्वामी ने आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस जांच के अन्य पहलू
डीसीपी (ईस्ट) तब्बू राम पेगु ने बताया कि हत्या से पहले पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें पति ने आपा खोकर पत्नी की हत्या कर दी। रामानुज और रिया की शादी को करीब छह महीने ही हुए थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या हत्या के समय आरोपी नशे में था या उसका ड्रग्स की लत का कोई रिकॉर्ड है। इसके अलावा, उन खबरों की भी पड़ताल की जा रही है, जिनमें दावा किया गया है कि आरोपी ने पीड़िता के शरीर के कुछ हिस्सों को कुत्ते को खिलाने की कोशिश की थी। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि जांच के बाद ही इस दावे की पुष्टि हो सकेगी। सीआईडी समेत कई टीमें घटना के पूरे क्रम को समझने के लिए सबूतों की जांच कर रही हैं।
इनपुट: IANS



