अहमदाबाद: अवैध निर्माण बचाने के नाम पर मांगी ₹3.25 लाख की रिश्वत, ACB ने दो लोगों को रंगे हाथों पकड़ा
अहमदाबाद में एक व्यक्ति से उसके घर और दुकान के अवैध निर्माण को न तोड़ने के एवज में सवा तीन लाख रुपए की रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जाल बिछाकर दो आरोपियों…
अहमदाबाद में एक व्यक्ति से उसके घर और दुकान के अवैध निर्माण को न तोड़ने के एवज में सवा तीन लाख रुपए की रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जाल बिछाकर दो आरोपियों को 3.15 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह कार्रवाई एक नागरिक की शिकायत पर की गई।
शिकायतकर्ता ने अपने घर और दुकान की पहली मंजिल पर टिन की छत की जगह पक्की छत बनवा ली थी। इस पर अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) के नगर विकास विभाग (ईस्ट जोन) ने निर्माण की अनुमति न होने के कारण दो नोटिस जारी किए। नोटिस में पूछा गया था कि इस निर्माण को क्यों न गिरा दिया जाए।
कैसे बिछाया गया जाल?
नोटिस जारी होने के बाद, आरोपी शिल्पा ने शिकायतकर्ता से संपर्क किया और निर्माण तोड़े जाने की धमकी दी। आरोप है कि उसने इस कार्रवाई को रुकवाने के बदले 3.25 लाख रुपए की मांग की। इस रकम में से 3 लाख रुपए एएमसी अधिकारियों को और 25,000 रुपए खुद के लिए बताए गए थे।
शिकायतकर्ता पहले ही 10,000 रुपए दे चुका था, लेकिन वह बाकी रकम नहीं देना चाहता था। इसलिए उसने एसीबी से संपर्क कर शिकायत दर्ज करा दी। इसके बाद एसीबी की आनंद पुलिस स्टेशन टीम ने 19 अगस्त को जाल बिछाने की योजना बनाई।
सड़क पर कार में हुई डील
तय योजना के अनुसार, 19 अगस्त को शिकायतकर्ता ने बाकी के 3.15 लाख रुपए देने के लिए आरोपियों से संपर्क किया। अहमदाबाद की एक सार्वजनिक सड़क पर खड़ी कार के अंदर जैसे ही शिल्पा और उसके साथी विजय अहीर ने रिश्वत की रकम ली, एसीबी की टीम ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। एजेंसी के अनुसार, रिश्वत के 3.15 लाख रुपए मौके से बरामद कर लिए गए हैं। एसीबी ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
इनपुट: IANS



