भावनगर जहरीली शराब कांड: 7 की मौत, 28 अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने 21 लोगों पर दर्ज किया केस
गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों का आंकड़ा बढ़कर सात हो गया है, जबकि 25 से 28 लोग अभी भी अस्पताल में अपना इलाज करा रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना के…
गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों का आंकड़ा बढ़कर सात हो गया है, जबकि 25 से 28 लोग अभी भी अस्पताल में अपना इलाज करा रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना के सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है और अब तक चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
यह पूरा मामला तब सामने आया जब शराब पीने के बाद कई लोगों को एक साथ उल्टी और सांस लेने में तकलीफ जैसी शिकायतें होने लगीं। इसके बाद प्रभावित लोगों को फौरन भावनगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान कई लोगों ने दम तोड़ दिया।
जांच में हुआ बड़ा खुलासा
प्रारंभिक जांच और दर्ज की गई FIR के अनुसार, यह शराब मध्य प्रदेश के उज्जैन से लाई जाती थी। भावनगर और आसपास के इलाकों में बेचने से पहले इसमें मिलावट की जाती थी। भावनगर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नितेश पांडे ने बताया कि जब्त की गई 'रॉयल स्टेज' ब्रांड की बोतलों की केमिकल जांच में बेहद खतरनाक खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, शराब में 38.59% मेथेनॉल और केवल 0.94% इथेनॉल पाया गया, जो इसे जानलेवा बनाता है।
प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई
इस मामले में 19 अगस्त को वरतेज पुलिस स्टेशन में 21 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इन पर नकली शराब बनाने और बेचने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित खरकड़ी और गुजरात के भावनगर के निवासियों के रूप में हुई है। अब स्टेट मॉनिटरिंग सेल (SMC) इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह जहरीली शराब कैसे और किन रास्तों से लोगों तक पहुंचाई जा रही थी।
इनपुट: IANS



