सूरत: डेढ़ करोड़ की ऑनलाइन ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, देश के 22 राज्यों से जुड़े हैं तार
गुजरात के सूरत में हुए एक बड़े ऑनलाइन निवेश घोटाले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में एक व्यक्ति से शेयर बाजार में निवेश पर भारी…
गुजरात के सूरत में हुए एक बड़े ऑनलाइन निवेश घोटाले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में एक व्यक्ति से शेयर बाजार में निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा देकर 1.52 करोड़ रुपये ठग लिए गए थे। सूरत साइबर क्राइम पुलिस ने इस धोखाधड़ी के मास्टरमाइंड, रियाज उर्फ शोएब मिर्जा (32) को देवभूमि द्वारका जिले के खंभालिया से पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार, रियाज का काम ठगी के पैसे को इधर-उधर करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराना था। वह पहले से गिरफ्तार हो चुके अन्य आरोपियों से 3 प्रतिशत कमीशन पर बैंक खाते लेता था और फिर इन खातों को दूसरे फरार आरोपियों को कमीशन पर देकर लेनदेन में मदद करता था।
ऐसे हुआ था 1.52 करोड़ का फ्रॉड
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि जालसाजों ने 14 नवंबर, 2025 और 10 फरवरी, 2026 के बीच उनसे संपर्क किया था। उन्होंने डॉलर में निवेश के जरिए बड़े रिटर्न का वादा कर एक फर्जी वेबसाइट का लिंक भेजा। पीड़ित को उस पर रजिस्टर कर अकाउंट बनाने के लिए राजी कर लिया गया। इसके बाद, ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1,52,63,198 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की तो उसे रोक दिया गया।
देशभर में 318 शिकायतें दर्ज
शिकायत मिलने के बाद पुलिस इंस्पेक्टर वाई.एस. सिसोदिया और उनकी टीम ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि इस मामले में इस्तेमाल हुए बैंक खातों के खिलाफ नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीसीआरपी) पर 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 318 शिकायतें दर्ज हैं। इनमें सबसे ज्यादा 60 शिकायतें तमिलनाडु, 49 गुजरात, 43 केरल और 35 महाराष्ट्र से हैं।
तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को रियाज के खंभालिया में होने का पता चला, जिसके बाद एक टीम भेजकर उसे उसके नए घर से गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में अहमदाबाद के मिनेश कुमार सोलंकी (26), अनिल गुप्ता (39) और विकास सिंह भदौरिया (34) को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने कहा है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इनपुट: IANS



