राजकोट: भीख मांगने वाली बुजुर्ग महिला की अपहरण के बाद हत्या, सीरियल अपराधी ऑटो चालक गिरफ्तार
गुजरात के राजकोट में 76 वर्षीय एक महिला की अपहरण, यौन उत्पीड़न और हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एक ऑटो रिक्शा चालक को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी रमेश…
गुजरात के राजकोट में 76 वर्षीय एक महिला की अपहरण, यौन उत्पीड़न और हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एक ऑटो रिक्शा चालक को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी रमेश वैधुकिया एक आदतन अपराधी है और उस पर पहले से ही हत्या और बलात्कार जैसे तीन गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें एक 3 साल की बच्ची से बलात्कार और हत्या का मामला भी शामिल है।
यह मामला 21 अगस्त को तब सामने आया जब अजी बांध के पास एक बुजुर्ग महिला का शव मिला। शुरुआत में इसे आकस्मिक मृत्यु का मामला मानकर जांच शुरू की गई थी, लेकिन फोरेंसिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिस्थितियों से हत्या का संदेह गहरा गया। पुलिस ने जब अखबारों में अज्ञात शव की जानकारी प्रकाशित करवाई, तब मृतक की पहचान लीला सोलंकी के रूप में हुई।
कैसे हुआ अपराध का खुलासा?
लीला सोलंकी के पोते अजय सोलंकी ने पुलिस को बताया कि वह 19 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे अपनी दादी को कुवादवा रोड स्थित सत हनुमान मंदिर के पास छोड़कर आए थे, जहाँ वह नियमित रूप से भीख मांगती थीं। शाम 5:30 बजे जब वह उन्हें लेने लौटे तो वे वहां नहीं मिलीं। अगले दिन यानी 20 अगस्त को परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
शव मिलने के बाद, अजी डैम पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी ऑटो चालक रमेश वैधुकिया तक पहुंची। पूछताछ में रमेश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में सामने आया कि रमेश वैधुकिया का अतीत गंभीर अपराधों से भरा रहा है:
- 2010: चोटिला थाने में हत्या का मामला, जिसमें एक व्यक्ति को मारकर शव कुएं में फेंकने का आरोप था।
- 2018: थोराला थाने में 3 साल की बच्ची के अपहरण, बलात्कार और हत्या का जघन्य मामला।
- 2018: कुवादवा रोड थाने में 70 वर्षीय महिला की लूट और हत्या का आरोप।
आरोपी ने बताया कि 19 अगस्त की शाम करीब 4 बजे उसने लीला सोलंकी को घर छोड़ने का झांसा देकर अपने ऑटो में बिठाया था। वह उन्हें कई जगहों पर घुमाते हुए राजकोट-भावनगर राजमार्ग पर अजी बांध के पास ले गया, जहाँ लकड़ी के डंडे से हमला कर उन्हें अधमरा कर दिया। इसके बाद उसने ऑटो में ही महिला का यौन उत्पीड़न किया और पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए उसने शव को कपड़े में लपेटकर बांध के किनारे फेंक दिया और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
इनपुट: IANS



