अहमदाबाद: बिना लाइसेंस बना रही थी कॉस्मेटिक क्रीम-शैम्पू, लाखों का माल जब्त, कंपनी पर FDCA का शिकंजा
गुजरात में खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन (FDCA) ने बिना लाइसेंस के कॉस्मेटिक उत्पाद बनाने और बेचने वाली एक कंपनी पर बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, अहमदाबाद के…
गुजरात में खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन (FDCA) ने बिना लाइसेंस के कॉस्मेटिक उत्पाद बनाने और बेचने वाली एक कंपनी पर बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, अहमदाबाद के त्रागड़ इलाके में स्थित 'आंकी हर्बल' नामक फर्म से 2.68 लाख रुपये से ज़्यादा का माल ज़ब्त किया गया है। कंपनी पर आरोप है कि वह बिना किसी ज़रूरी लाइसेंस और गुणवत्ता जांच के सौंदर्य प्रसाधनों का उत्पादन और री-पैकेजिंग कर रही थी।
यह कार्रवाई 25 अगस्त को एक गोपनीय सूचना के आधार पर की गई, जब FDCA की टीम ने फर्म पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि कंपनी थोक में कच्चा माल खरीदकर उसे अवैध रूप से छोटे पैकेटों में पैक कर रही थी और ग्लिसरीन साबुन जैसे उत्पाद बना रही थी। यह सारा काम शिवांता रीगल स्थित एक फ्लैट में चल रहा था।
क्या-क्या हुआ ज़ब्त?
अधिकारियों ने मौके से फेयरनेस क्रीम, डार्क सर्कल क्रीम, शैम्पू, हेयर ऑयल, बॉडी वॉश, फेस वॉश, स्क्रब, सॉलिड परफ्यूम और ग्लिसरीन आधारित साबुन समेत कई उत्पाद अपने कब्ज़े में ले लिए। इसके अलावा, कच्चा माल, पैकेजिंग सामग्री और छपे हुए लेबल भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत 2.68 लाख रुपये से अधिक है। गुणवत्ता की जांच के लिए FDCA ने 10 अलग-अलग कॉस्मेटिक उत्पादों के सैंपल लेकर प्रयोगशाला में भेजे हैं।
जांच का दायरा बढ़ा
विभाग की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि 'आंकी हर्बल' को कच्चा माल अहमदाबाद के ओधव स्थित 'रवि मार्केटिंग' नाम की एक अन्य फर्म से सप्लाई किया जाता था। अब FDCA ने अपनी जांच का दायरा 'रवि मार्केटिंग' तक बढ़ा दिया है।
इस कार्रवाई पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पंशेरिया ने कहा कि सरकार ऐसी गतिविधियों के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' का दृष्टिकोण अपनाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रखेगी। प्रशासन ने साफ़ किया है कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाली गतिविधियों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नकली दवाओं का गिरोह भी पकड़ा
इसी बीच एक अन्य मामले में, अहमदाबाद सिटी क्राइम ब्रांच और FDCA ने मिलकर नकली ब्लड प्रेशर की दवाओं के निर्माण और बिक्री में शामिल एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में अहमदाबाद और लखनऊ से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह जांच तब शुरू हुई जब अंकलेश्वर की एक दवा कंपनी ने बाज़ार में अपनी दवा 'निकार्डिया रिटार्ड 10' के नकली संस्करण बिकने की सूचना दी थी।
इनपुट: IANS



