शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
गुजरात

गुजरात: 'एकता दिवस' परेड की तैयारी कर रहे जवान डेंगू की चपेट में, 10 दिन में 87 अस्पताल में भर्ती

गुजरात में 31 अक्टूबर को होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस परेड की तैयारियों पर डेंगू का साया मंडरा रहा है। परेड के लिए विभिन्न राज्यों से आए सुरक्षा बलों के जवानों में डेंगू के मामले सामने आए हैं, जिसके…

गुजरात: 'एकता दिवस' परेड की तैयारी कर रहे जवान डेंगू की चपेट में, 10 दिन में 87 अस्पताल में भर्ती
(फोटो: IANS)

गुजरात में 31 अक्टूबर को होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस परेड की तैयारियों पर डेंगू का साया मंडरा रहा है। परेड के लिए विभिन्न राज्यों से आए सुरक्षा बलों के जवानों में डेंगू के मामले सामने आए हैं, जिसके चलते पिछले 10 दिनों में 87 जवानों को गांधीनगर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इनमें से 50 जवान अब स्वस्थ होकर लौट चुके हैं, जबकि 37 का इलाज अभी जारी है।

विज्ञापन

शुक्रवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानशेरिया ने अस्पताल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती सभी 37 जवानों की हालत स्थिर है और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। ये जवान सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) से हैं, जो स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर होने वाली परेड के लिए ओडिशा, झारखंड, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों से आए हैं।

एक जवान की मौत, हार्ट अटैक की आशंका

इस बीच एक दुखद घटना में, अस्पताल में भर्ती एक सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, जवान की हालत पहले स्थिर थी, लेकिन अचानक उसने सीने में तेज दर्द की शिकायत की। डॉक्टरों ने तुरंत ईसीजी जैसी जांचें कर उसे आईसीयू में भर्ती किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट या हार्ट अटैक माना जा रहा है। पानशेरिया ने आशंका जताई कि संभवतः जवान ने बुखार और शारीरिक कमजोरी के बावजूद भारी अभ्यास जारी रखा होगा, जिससे दिल पर असर पड़ा। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम की फाइनल रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। उन्होंने जवान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे देश के लिए एक बड़ी क्षति बताया।

सरकार ने उठाए कड़े कदम

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल प्रशासन को जवानों के इलाज और देखभाल के लिए विशेष निर्देश दिए हैं। उन्होंने मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. मीता पारिख और डॉक्टरों की टीम के साथ समीक्षा बैठक की। मंत्री ने जवानों को पर्याप्त पानी, पौष्टिक भोजन, ताजे फल और जूस देने को कहा है। इसके अलावा, खून और प्लेटलेट्स की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई।

सरकार ने जवानों के रहने के स्थान पर भी बचाव के उपाय तेज कर दिए हैं। मंत्री ने बताया कि वहां दिन में दो बार फॉगिंग और कीटनाशकों का छिड़काव किया जा रहा है। साथ ही, साफ-सफाई और स्वास्थ्य की निगरानी के लिए एक विशेष टीम चौबीसों घंटे काम कर रही है।

इनपुट: IANS

N

News4Social गुजरात डेस्क

News4Social गुजरात डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से गुजरात से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →