गुजरात: कच्छ में देर रात भीषण सड़क हादसा, 7 मजदूरों की जान गई, कई घायल
गुजरात के कच्छ जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में सात मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह दुर्घटना उस समय हुई जब मजदूरों को लेकर जा…
गुजरात के कच्छ जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में सात मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह दुर्घटना उस समय हुई जब मजदूरों को लेकर जा रही एक पिकअप गाड़ी को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा कच्छ के खावड़ा स्थित 'अरी पार्क' के पास हुआ। अधिकारियों ने बताया कि पिकअप वाहन में 15 से ज्यादा मजदूर सवार थे, जो अपने घर लौट रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पिकअप गाड़ी ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई।
घटना और बचाव कार्य
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भुज भेज दिया। अधिकारियों के मुताबिक, इस इलाके में यह पहला इतना बड़ा हादसा है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
भावनगर में भी हुआ था हादसा
गौरतलब है कि हाल ही में गुजरात में सड़क दुर्घटना की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले मंगलवार को भावनगर जिले में भी एक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी। वह दुर्घटना भावनगर-सोमनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तब हुई थी, जब अलंग शिपब्रेकिंग यार्ड जा रहे मजदूरों की एक एसयूवी गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से जा टकराई थी।
इनपुट: IANS



