तमाम चुनौतियों के बावजूद वैश्विक व्यापार में उम्मीद से ज्यादा मजबूती: WTO प्रमुख
विश्व व्यापार संगठन (WTO) की प्रमुख न्गोजी ओकोन्जो-इवेला ने कहा है कि कड़े टैरिफ, युद्ध और ऊर्जा की ऊंची कीमतों जैसी कई चुनौतियों के बावजूद वैश्विक व्यापार उम्मीद से कहीं ज्यादा मजबूत बना हुआ है…
विश्व व्यापार संगठन (WTO) की प्रमुख न्गोजी ओकोन्जो-इवेला ने कहा है कि कड़े टैरिफ, युद्ध और ऊर्जा की ऊंची कीमतों जैसी कई चुनौतियों के बावजूद वैश्विक व्यापार उम्मीद से कहीं ज्यादा मजबूत बना हुआ है। समाचार एजेंसी IANS के साथ एक साक्षात्कार में उन्होंने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े उत्पादों ने इस वृद्धि में अहम भूमिका निभाई है, हालांकि उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि मौजूदा व्यापार प्रणाली अभी भी नाजुक है।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब दुनिया कई तरह के दबावों का सामना कर रही है, जिसमें पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में बदली व्यापार नीतियां, वाशिंगटन और बीजिंग के बीच बढ़ता तनाव, ईरान युद्ध से ऊर्जा बाजार में आई अस्थिरता और वैश्विक शिपिंग मार्गों पर बना दबाव शामिल है।
नियमों पर भरोसा बरकरार
ओकोन्जो-इवेला ने इस बात पर जोर दिया कि दुनिया का 72 प्रतिशत व्यापार अभी भी WTO के 'मोस्ट-फेवर्ड-नेशन' (सबसे पसंदीदा देश) की शर्तों के तहत हो रहा है। उन्होंने कहा, "वैश्विक व्यापार नियम दबाव में हैं, फिर भी हम पाते हैं कि दुनिया का 72 प्रतिशत व्यापार... अभी भी WTO की शर्तों के तहत हो रहा है।"
उनके अनुसार, यह दर्शाता है कि कंपनियां और व्यवसाय अभी भी बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली पर भरोसा करते हैं, क्योंकि उन्हें अपने काम के लिए स्थिरता और निश्चितता की जरूरत होती है। उन्होंने इसे 'प्रेडिक्टेबल स्टेबल' (भरोसेमंद और स्थिर) स्थिति बताया।
AI ने दी व्यापार को गति
WTO प्रमुख ने बताया कि वैश्विक वस्तुओं के व्यापार ने संगठन के अपने अनुमानों से भी बेहतर प्रदर्शन किया है। एक हैरान करने वाला तथ्य यह है कि पिछले साल व्यापार में हुई कुल बढ़ोतरी में 42 प्रतिशत हिस्सा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े उत्पादों का था। ओकोन्जो-इवेला ने CNN के साथ इंटरव्यू में कहा, "मैं पूरी ईमानदारी से कहूंगी कि हम भी इस मजबूती से हैरान हैं और इसके लिए आभारी हैं।"
इनपुट: IANS



